बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आई मां बगला सेवा समिति, घरेलू सामान लेकर दल शिवसागर रवाना
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 18 अगस्त। असम के बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए महानगर की श्री श्री मां बगला सेवा समिति ने भी मदद का हाथ बढ़ाया है। समिति की ओर से चाबीपुल में आयोजित कार्यक्रम में शिवसागर के बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच दैनिक उपयोग की घरेलू सामग्री वितरित करने का निर्णय लिया गया। राहत सामग्री लेकर समिति के सदस्यों का एक दल शिवसागर के लिए रवाना हो गया है।
समिति के सचिव रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि बाढ़ के कारण अनेक परिवारों का घरेलू सामान नष्ट हो गया है। उनकी तत्काल जरूरतों को ध्यान में रखते हुए समिति ने दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
राहत सामग्री में 100 बाल्टियां, 100 मग, 100 कड़ाही, 200 थालियां, 200 गिलास, 100 टोपिया, 100 सॉसपैन, 100 सॉसपैन के ढक्कन और 100 चम्मच सहित अन्य उपयोगी सामान शामिल हैं। शिवसागर पहुंचने के बाद समिति के सदस्य जरूरतमंद बाढ़ प्रभावित परिवारों की पहचान कर उनके बीच इन सामग्रियों का वितरण करेंगे।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश खंडेलवाल, कार्यकारी अध्यक्ष सुभाष गर्ग, उपाध्यक्ष दीनदयाल गोयल सहित पवन अग्रवाल, पवन शर्मा, विनोद जालान और अशोक अग्रवाल के अलावा बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद प्रभावित परिवारों के सामने अपने घर और दैनिक जीवन को फिर से व्यवस्थित करने की बड़ी चुनौती है। ऐसे समय में घरेलू उपयोग की आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराना उनके पुनर्वास में उपयोगी साबित होगा।
समिति के प्रवक्ता योगेश मिश्र ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से यह जानकारी दी।

