कांवड़िया सेवा शिविर का समापन, पूर्व अध्यक्ष राजेश गोयल को भावपूर्ण श्रद्धांजलि, सावन के प्रत्येक रविवार को आयोजित शिविर में कांवड़ियों की सेवा, समापन समारोह में परिजनों का सम्मान

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 23 अगस्त। मारवाड़ी युवा मंच, गुवाहाटी ग्रेटर शाखा की ओर से सावन के प्रत्येक रविवार को पूर्वी कॉम्प्लेक्स के नीचे आयोजित कांवड़िया सेवा शिविर का रविवार को भावपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। इस वर्ष शिविर को शाखा के वर्ष 2018-19 के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय राजेश गोयल की स्मृति को समर्पित किया गया था।

समापन समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। सह सचिव नितिन अग्रवाल ने अतिथियों और सदस्यों का स्वागत किया। इसके बाद राजेश गोयल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सामाजिक जुड़ाव और व्यक्तित्व को याद किया गया।

शाखा अध्यक्ष शिव कुमार मौर ने सावन के दौरान संचालित सेवा शिविर और इससे जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले पदाधिकारियों, सदस्यों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

समारोह में असम राज्य परिवहन निगम के उपाध्यक्ष प्रणब ज्योति लहकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने मारवाड़ी युवा मंच के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पूर्व अध्यक्ष की स्मृति को सेवा से जोड़कर श्रद्धांजलि देना एक सार्थक पहल है।

इस अवसर पर राजेश गोयल के माता-पिता, सास और पत्नी संगीता गोयल का सम्मान किया गया। अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राहुल अग्रवाल और राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री पंकज जालान का भी अभिनंदन किया गया।

पंकज जालान ने राजेश गोयल के साथ बिताए समय को याद करते हुए उनके सहज, मिलनसार और सकारात्मक व्यक्तित्व का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राजेश गोयल का व्यवहार सभी के प्रति आत्मीय था और वे लोगों को सहजता से अपने साथ जोड़ लेते थे। रितेश खटेर ने भी उनसे जुड़ी स्मृतियां साझा करते हुए उनके सरल स्वभाव और सदैव मुस्कुराते रहने वाले व्यक्तित्व को याद किया।

कांवड़िया सेवा शिविर के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सलाहकार मनीष बोथरा और रोबिन पेरिवाल तथा संयोजक अशिम चौधरी और धीरज सुरेका को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह में मारवाड़ी युवा मंच के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ सदस्य रितेश खटेर, अजीत दासानी, महेंद्र सेठिया, पंकज जालान, राजेश बजाज, गौरव शर्मा, राजेश अग्रवाल, कमल रांका, गौतम गोयनका, राम भट्टर और हितेश चोपड़ा सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे। मंडल-एफ के उपाध्यक्ष मोहित मालू, प्रांतीय कोषाध्यक्ष मितेश सुराणा, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य शेखर जाजोदिया, गुवाहाटी बेलतला शिखर शाखा अध्यक्ष केशव तायल, गुवाहाटी अमृत शाखा अध्यक्ष प्रियंका सेठिया और अमृत उदय के निवर्तमान अध्यक्ष तेजस चौधरी सहित विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

कार्यक्रम के अंत में रवि गोयल ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने अतिथियों, वरिष्ठ सदस्यों, पदाधिकारियों, संयोजकों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार जताया। सावन भर चले सेवा शिविर का समापन राजेश गोयल की स्मृतियों और कांवड़ियों की सेवा के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *