लखीमपुर के जेल रोड पर बिजली के तार की चपेट में आया कंटेनर ट्रक, धू-धू कर जला
लखीमपुर से बाबू देव पांडे
लखीमपुर, 26 अगस्त। शहर के वार्ड नंबर 8 स्थित जेल रोड पर बुधवार सुबह उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब एक कंटेनर ट्रक बिजली के तार के संपर्क में आने के बाद बीच सड़क पर ही आग की चपेट में आ गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कंटेनर ट्रक (NL-01L-7586) बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे बाहर से लखीमपुर में बड़ी पानी की टंकियां लेकर पहुंचा था। मुख्य मार्ग से जेल रोड में प्रवेश करते समय कंटेनर की ऊंचाई अधिक होने के कारण वह सड़क के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों के संपर्क में आ गया। तारों के संपर्क में आते ही ट्रक में आग लग गई और देखते ही देखते वह धू-धू कर जलने लगा।
घटना के समय आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, समय रहते स्थिति पर काबू पाने के प्रयास किए गए और किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। कंटेनर में लदी पानी की टंकियों को भी आंशिक नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।
आग लगने के कारण जेल रोड पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। बाद में यातायात पुलिस की मदद से क्रेन मंगवाकर जले हुए कंटेनर को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात बहाल हो सका।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसे शहर के लिए गंभीर चेतावनी बताते हुए प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की मांग की। लोगों का कहना है कि शहर के अंदर बड़े और ऊंचे वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित किया जाना चाहिए तथा ऐसे वाहनों के लिए सुरक्षित मार्ग निर्धारित किए जाने चाहिए। साथ ही, मुख्य शहर में स्थित बड़े गोदामों को शहर से बाहर स्थानांतरित करने की दिशा में भी प्रशासन को पहल करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से जान-माल का खतरा टाला जा सके।

