होजाई में मारवाड़ी महिला सम्मेलन ने एसएसबी जवानों के संग मनाया रक्षाबंधन
थर्ड आई न्यूज
होजाई से रमेश मुंदड़ा
रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, होजाई शाखा की ओर से सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों के साथ रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास एवं भावनात्मक वातावरण में मनाया गया।
इस अवसर पर शाखा की अध्यक्षा प्रियंका बेरीवाल, सचिव रेखा मोर, रंजना केजरीवाल, सरिता भीमसरिया, गुंजा केजरीवाल, सरिता छावाछारिया, संगीता रांका सहित अन्य सदस्याओं ने वीर जवानों की कलाइयों पर रक्षा-सूत्र बांधा। इसके साथ ही जवानों का मुंह मीठा करवाकर उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की गई।
महिला सदस्यों ने जवानों से देश की रक्षा का संकल्प दोहराते हुए राष्ट्र सेवा में उनके अद्वितीय योगदान, साहस और समर्पण के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान संगठन की ओर से उपस्थित एसएसबी अधिकारियों एवं जवानों—कंपनी कमांडर मुकेश कुमार मीणा (INSP/GD), मोहनलाल सिन्हा (SI/GD), बीरेन हजारिका (SI/GD), संभू घिमिरे (SI/GD) तथा सुभाष चंदर (SI/GD)—को पारंपरिक असमिया गमछा पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर महिला सम्मेलन की सदस्याओं ने कहा कि देश के नागरिक अपने घरों में सुरक्षित जीवन व्यतीत कर सकें, इसके लिए हमारे जवान अपने परिवारों से दूर रहकर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ देश की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। उनके त्याग, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति पूरा समाज सदैव कृतज्ञ रहेगा।
जवानों के उत्साहवर्धन और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत इस कार्यक्रम का समापन “जय हिंद” के गगनभेदी उद्घोष के साथ हुआ।

