कार्यकारिणी एवं सामान्य सभा के बाद रेट्रो रंग में रंगी लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर की शाम
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी। लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर की लायंस वर्ष 2026-27 की दूसरी कार्यकारिणी एवं सामान्य सभा क्लब अध्यक्ष लायन रवि हरलालका की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में क्लब की आगामी गतिविधियों, सेवा परियोजनाओं एवं विभिन्न योजनाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
सभा में पिछली बोर्ड बैठक की कार्यवाही के अनुमोदन, सार्वजनिक शौचालय परियोजना के खातों को अंतिम रूप देने, कोषाध्यक्ष की रिपोर्ट, क्लब कार्यालय के नए प्रांगण तथा जिला परियोजना ‘हाट बाजार’ सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर गत लायंस वर्ष के लिए क्लब के भूतपूर्व अध्यक्ष लायन प्रकाश काबरा द्वारा प्राप्त जिला पुरस्कारों का विस्तृत विवरण भी प्रस्तुत किया गया।
कार्यकारिणी एवं सामान्य सभा के पश्चात आयोजित रेट्रो डिनर पार्टी ने शाम को यादगार बना दिया। रेट्रो थीम पर आयोजित अंताक्षरी में सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं रैंप वॉक में सदस्यों ने सेलिब्रिटी अंदाज में शानदार प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। संगीत, नृत्य और सेल्फी के बीच पूरा माहौल उल्लास और उमंग से सराबोर रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब सचिव लायन अजय कुमार मोर, कोषाध्यक्ष लायन मीनाक्षी माथुर, क्लब डायरेक्टर लायन अमिता मोर एवं लायन वंदना हेडा तथा जीएलटी लायन रीता हरलालका की महत्वपूर्ण भूमिका रही। लायन अरविंद केजरीवाल ने अपने खास अंदाज में मंच संचालन कर कार्यक्रम में समां बांध दिया, जबकि लायन येशा चौधरी द्वारा तैयार किया गया सेल्फी कॉर्नर विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
क्लब अध्यक्ष लायन रवि हरलालका ने सभी सदस्यों एवं आयोजन टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सदस्यों की सक्रिय भागीदारी और मजबूत टीम भावना ने इस आयोजन को सफल एवं यादगार बनाया।
क्लब सचिव लायन अजय कुमार मोर ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन सदस्यों के बीच आपसी जुड़ाव और सौहार्द को मजबूत करने के साथ-साथ सेवा गतिविधियों के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करते हैं।
क्लब के जनसंपर्क अधिकारी लायन रतन खाखोलिया ने बताया कि यह आयोजन सेवा, सहभागिता और सौहार्द का सुंदर संगम रहा, जिसमें क्लब सदस्यों ने कार्य और मनोरंजन के बीच एक यादगार शाम का आनंद लिया।

