पारीक महिला परिषद ने शिक्षक दिवस के अवसर पर घर-घर पहुंचकर किया समाज की शिक्षिकाओं का सम्मान

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 4 सितंबर। समाज की प्रतिभाओं को सम्मान देना, उनकी उपलब्धियों को पहचान दिलाना और नई पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित करना—इसी उद्देश्य के साथ पारीक महिला परिषद, गुवाहाटी द्वारा “समाज का गौरव–हमारी शान, ज्ञान की ज्योति–पारीक की पहचान” प्रकल्प संचालित किया जा रहा है। इस प्रकल्प के माध्यम से समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा, मेहनत और सेवा से विशिष्ट पहचान बनाने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाता है, ताकि समाज के बच्चे और युवा उनकी उपलब्धियों से प्रेरणा लेकर शिक्षा और अपने चुने हुए कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित हों।

इसी सम्मान श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए शिक्षक दिवस के अवसर पर परिषद ने समाज की शिक्षिकाओं के घर पहुंचकर उनका सम्मान किया। इस दौरान समाज की शिक्षिकाओं नम्रता पारीक, पूजा पारीक, उर्मी पारीक एवं शालिनी पारीक को उनके निवास स्थान पर पहुंचकर फुलाम गमछा एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

उल्लेखनीय है कि इस प्रकल्प के तहत पूर्व में डॉक्टर्स डे एवं सीए डे के अवसर पर समाज के डॉक्टरों एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को भी सम्मानित किया जा चुका है। परिषद का मानना है कि जब समाज के सफल एवं समर्पित व्यक्तियों को सम्मान दिया जाता है, तो उनके संघर्ष, मेहनत और उपलब्धियां बच्चों एवं युवाओं के लिए प्रेरणा बनती हैं और उन्हें भी अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर सफलता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

इस अवसर पर परिषद की अध्यक्षा निशा पारीक, कोषाध्यक्ष पूजा जोशी, सलाहकार ममता शर्मा सहित पुष्पा पारीक, निर्मला पारीक, किरण पारीक, मधु शर्मा, नेहा जोशी, उषा पारीक एवं सुमन पारीक उपस्थित रहीं।

परिषद की सचिव जया पारीक ने बताया कि समाज के युवाओं को पहचान, सम्मान एवं प्रोत्साहन देने की यह श्रृंखला आगे भी निरंतर जारी रहेगी। आगामी इंजीनियर्स डे एवं वकीलों के सम्मान कार्यक्रम के अवसर पर समाज के इंजीनियरिंग एवं वकालत के क्षेत्र से जुड़े प्रतिभाशाली बच्चों एवं युवाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *