‘जीविका’ से चार जरूरतमंद महिलाओं को मिला स्वरोजगार का सहारा, नव्या लेडीज क्लब ने दिए चार पहिया ठेले, विधायक विजय गुप्ता ने किया प्रकल्प का उद्घाटन
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 16 सितंबर। महानगर की सामाजिक संस्था नव्या लेडीज क्लब ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में अपने ‘जीविका’ प्रकल्प के तहत चार जरूरतमंद महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर प्रदान किया है। क्लब की ओर से चारों महिलाओं को एक-एक आकर्षक चार पहिया ठेला दिया गया, जिनके माध्यम से वे चाय, पकौड़ी, पूरी-सब्जी, पान-तांबूल, चॉकलेट सहित विभिन्न खाद्य एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं का छोटा कारोबार शुरू कर अपनी आजीविका चला सकेंगी।
पश्चिम गुवाहाटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक विजय गुप्ता ने फीता काटकर ‘जीविका’ प्रकल्प का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की शुरुआत से पहले लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया गया। इस अवसर पर वार्ड नंबर 15 के पार्षद सौरभ झुंझुनूवाला भी उपस्थित थे।
क्लब अध्यक्ष रितु अग्रवाल ने स्वागत भाषण में कहा कि नव्या लेडीज क्लब पिछले तीन वर्षों से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ विभिन्न सामाजिक सेवा गतिविधियों में सक्रिय है। क्लब आगे भी जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने की दिशा में प्रयास जारी रखेगा।
कार्यक्रम संयोजिका कविता शर्मा ने ‘जीविका’ की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि क्लब इससे पहले महिलाओं के लिए मेहंदी प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित कर चुका है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली कई महिलाएं आज मेहंदी लगाने का काम कर अपनी आय अर्जित कर रही हैं। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए ‘जीविका’ के माध्यम से महिलाओं को अपना छोटा व्यवसाय शुरू करने के लिए आवश्यक साधन उपलब्ध कराए गए हैं।
विधायक विजय गुप्ता ने क्लब की पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रशिक्षण और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐसे प्रयास महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने चारों लाभार्थी महिलाओं से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में नीता गोयंका, नीवा सराफ सहित क्लब की सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया। सचिव रूपाली हिम्मतसिंगका ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष मनीषा मोदी सहित नव्या लेडीज क्लब की अन्य सदस्य भी उपस्थित रहीं।

