बाल कैंसर मरीजों के बीच लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर ने बांटा 84 लीटर दूध
थर्ड आई न्यूज़
सेंट ज्यूड्स इंडिया चाइल्ड केयर सेंटर में बच्चों के साथ मनाया सिद्धार्थ गग्गड़ का जन्मदिन
गुवाहाटी। लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर की ओर से आर्यनगर स्थित बी. बरुआ कैंसर संस्थान के समीप सेंट ज्यूड्स इंडिया चाइल्ड केयर सेंटर में रह रहे बाल कैंसर मरीजों के लिए सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों के बीच 84 लीटर अमूल ताजा दूध वितरित किया गया।
कार्यक्रम का प्रायोजन लायंस जिला 322 जी के चाइल्डहुड कैंसर समन्वयक सुरेश गग्गड़ और डॉ. कविता गग्गड़ ने किया। इस अवसर को विशेष बनाते हुए सिद्धार्थ गग्गड़ का जन्मदिन भी बच्चों के साथ मनाया गया। सिद्धार्थ ने बच्चों के साथ केक काटकर खुशियां साझा कीं। बच्चों के अभिभावकों की ओर से प्रेमपूर्वक तैयार हस्तनिर्मित उपहार और धन्यवाद-पत्र उन्हें भेंट किया गया।
क्लब की चाइल्डहुड कैंसर कोऑर्डिनेटर बिमला जाजोदिया के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष रवि हरलालका, सचिव अजय कुमार मोर, कोषाध्यक्ष मीनाक्षी माथुर, पूर्व अध्यक्ष प्रकाश काबरा सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सदस्यों ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनका उत्साहवर्धन किया।
क्लब के जनसंपर्क अधिकारी रतन खाखोलिया ने बताया कि बाल कैंसर मरीजों के लिए क्लब की सेवा गतिविधियां लगातार जारी हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य उपचार के कठिन दौर से गुजर रहे बच्चों और उनके परिवारों के बीच स्नेह, सहयोग और उम्मीद का संदेश पहुंचाना है।

