नगांव में पोल से टकराने के बाद वाहन में लगी आग, तीन की जलकर मौत; दो घायल
थर्ड आई न्यूज
नगांव से जयप्रकाश सिंह
नगांव जिले के पुरानीगुदाम के केनापट्टी इलाके में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन संख्या AR 01 W 5107 अरुणाचल प्रदेश से गुवाहाटी की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और सड़क के बीच लगे स्ट्रीट लाइट के खंभे से वाहन टकरा गया। टक्कर के कुछ ही देर बाद वाहन में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन में सवार तीन लोग अंदर ही फंस गए और उनकी जलने से मौत हो गई।
हादसे में विकास कुमार और सोनू कुमार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गुवाहाटी रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में सवार लोग बिहार के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि मृतकों में शामिल तीन लोग यात्रा के दौरान रास्ते में वाहन में सवार हुए थे। वाहन विकास कुमार का बताया जा रहा है, जबकि हादसे के समय सोनू कुमार वाहन चला रहे थे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के साथ ही मृतकों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।

