होजाई में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने नशामुक्त भारत संकल्प पदयात्रा का किया नेतृत्व

101 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक उपेंद्र विश्वास के घर पहुंचकर किया सम्मानित

होजाई से रमेश मुंदड़ा

होजाई, 30 सितंबर। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने बुधवार को होजाई जिले का एकदिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए आठवीं ‘नशामुक्त भारत संकल्प पदयात्रा’ का नेतृत्व किया। वहीं, कार्यक्रम के बाद राज्यपाल ने 101 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक उपेंद्र विश्वास के घर पहुंचकर उनका सम्मान किया और उनका आशीर्वाद लिया।

नशामुक्त भारत संकल्प पदयात्रा का नेतृत्व

राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने होजाई में आयोजित आठवीं ‘नशामुक्त भारत संकल्प पदयात्रा’ में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इसके बाद उन्होंने रवींद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में आयोजित विशेष जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों और नागरिकों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना तथा स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज का निर्माण करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

पदयात्रा में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के अलावा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान राज्यपाल के साथ सांसद कामाख्या प्रसाद तासा, विधायक शिलादित्य देव, जिला आयुक्त, पुलिस अधीक्षक तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

101 वर्षीय उपेंद्र विश्वास का घर जाकर किया सम्मान

जागरूकता कार्यक्रम और पदयात्रा के बाद राज्यपाल उवारीगेडिंग गांव पहुंचे। वहां उन्होंने 101 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक उपेंद्र विश्वास के निवास पर जाकर उनका सम्मान किया।

राज्यपाल ने उपेंद्र विश्वास को पारंपरिक असमिया फुलाम गामोछा, सेलेंग (अंगवस्त्र), पुष्पगुच्छ एवं फल भेंट किए। साथ ही उन्हें एकमुश्त वित्तीय सहायता का चेक भी प्रदान किया।

इस दौरान राज्यपाल ने उपेंद्र विश्वास के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों के साथ बैठकर आत्मीय बातचीत की तथा उनका हाल-चाल जाना। राज्यपाल के इस सहज व्यवहार और वरिष्ठ नागरिक के प्रति सम्मान की स्थानीय लोगों ने सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *