पितृपक्ष में मारवाड़ी सम्मेलन महिला शाखा ने श्री गौहाटी गौशाला में की पांच सवामणी अर्पित, गौसेवकों को कराया नाश्ता और बांटे वस्त्र

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी। पितृपक्ष के अवसर पर मारवाड़ी सम्मेलन महिला शाखा की ओर से बुधवार को आठगांव स्थित श्री गौहाटी गौशाला में गौसेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। शाखा अध्यक्ष संतोष शर्मा के नेतृत्व में सदस्याओं ने गौमाता के लिए पांच सवामणी अर्पित की। इस अवसर पर गौशाला के पंडित ने विधिवत पूजा-अर्चना कराई, जिसमें शाखा की सदस्याओं ने हिस्सा लिया।

गौसेवा के साथ गौशाला में सेवा देने वाले गौसेवकों का भी ध्यान रखा गया। शाखा की ओर से उन्हें नाश्ता कराया गया तथा वस्त्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य पितृपक्ष में पूर्वजों के स्मरण के साथ सेवा और जीवदया की भावना को आगे बढ़ाना था।

इस अवसर पर पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन के मंडलीय उपाध्यक्ष सुशील गोयल, प्रांतीय जनसेवा संयोजक प्रदीप भुवालका, प्रांतीय जनसंपर्क संयोजक विवेक सांगानेरिया और कामरूप शाखा के संस्थापक अध्यक्ष संपत मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

शाखा अध्यक्ष संतोष शर्मा ने कहा कि भारतीय परंपरा में पितृपक्ष के दौरान गौसेवा का विशेष महत्व माना गया है। पितरों के श्रद्धापूर्वक स्मरण के साथ गौसेवा और जरूरतमंदों की सहायता समाज में सेवा, संवेदना और संस्कार की भावना को मजबूत करती है।

कार्यक्रम में सलाहकार सरला काबरा एवं मंजू पाटनी, उपाध्यक्ष रश्मि जैन, संयोजिका ममता शर्मा एवं निकिता सांखला तथा कार्यकारिणी सदस्य बिंदु मोहता, बीना चोरड़िया, लिजी कुंडलिया और संतोष धानुका सहित शाखा की सदस्याएं उपस्थित रहीं।

अध्यक्ष संतोष शर्मा ने गौसेवा कार्यक्रम के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने पर श्री गौहाटी गौशाला प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *