नगांव लोकसभा उपचुनाव की मतगणना कल, पारदर्शिता और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
थर्ड आई न्यूज
नगांव से जयप्रकाश सिंह
नगांव लोकसभा उपचुनाव की मतगणना शुक्रवार, 9 अक्टूबर को होगी। मतगणना को लेकर नगांव जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला आयुक्त एवं रिटर्निंग अधिकारी आरण्यक सैकिया ने कहा कि मतगणना पूरी पारदर्शिता, अनुशासन और भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों के अनुसार कराई जाएगी।
बुधवार शाम आयोजित संवाददाता सम्मेलन में आरण्यक सैकिया ने बताया कि नगांव लोकसभा क्षेत्र के आठ विधानसभा क्षेत्रों में पड़े ईवीएम मतों की गणना नगांव और मोरीगांव जिलों में स्थापित कुल तीन मतगणना केंद्रों पर एक साथ की जाएगी। वहीं पोस्टल बैलेट की मतगणना नगांव स्थित डॉसन उच्चतर माध्यमिक बहुमुखी विद्यालय में होगी।
उन्होंने बताया कि सुबह 8 बजे सभी प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों और चुनाव पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम खोले जाएंगे और इसके बाद मतगणना शुरू होगी। इस संबंध में सभी प्रत्याशियों को आवश्यक सूचना भेज दी गई है।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक साथ 14-14 टेबलों पर मतों की गिनती की जाएगी। विधानसभा क्षेत्र के अनुसार करीब 18 से 22 राउंड में मतगणना पूरी होने की संभावना है। यदि किसी ईवीएम में तकनीकी खराबी आती है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित वीवीपैट की पर्चियों की गणना की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के पांच यादृच्छिक रूप से चयनित मतदान केंद्रों की वीवीपैट पर्चियों का भी अनिवार्य रूप से मिलान किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना केंद्रों और संबंधित क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है। पूरी प्रक्रिया प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी।
मतगणना को लेकर जिले में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्रों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
इस बीच, मतगणना की तैयारियों का जायजा लेने के लिए असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग गोयल ने बुधवार को पुनः नगांव का दौरा किया। उन्होंने जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने मतगणना केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इससे पहले भी गोयल ने नगांव में स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की थी।
पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत में मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग गोयल ने प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अपने सेवाकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 1998 में अपने नौकरी जीवन की शुरुआत नगांव जिले से ही की थी।
गौरतलब है कि नगांव लोकसभा उपचुनाव में 6 अक्टूबर को मतदान हुआ था। निर्वाचन आयोग के अनुसार कुल 76.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया और आठों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण रहा। आयोग के अनुसार किसी भी मतदान केंद्र पर पुनर्मतदान का आदेश नहीं दिया गया है।
संवाददाता सम्मेलन में निर्वाचन अधिकारी प्रतिशा दत्ता तथा जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी विकास शर्मा भी उपस्थित थे।

