रेलवे कालीबाड़ी कॉलोनी में 75वें दुर्गा पूजा महोत्सव का भव्य शुभारंभ, पूर्व मंत्री सिद्धार्थ भट्टाचार्य ने किया उद्घाटन, महिषासुर मर्दिनी की थीम पर आधारित 3डी मैपिंग शो रहेगा विशेष आकर्षण

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 16 अक्टूबर। महानगर के पानबाजार स्थित रेलवे कालीबाड़ी कॉलोनी में श्री श्री दक्षिणेश्वरी कालीबाड़ी दुर्गा पूजा समिति के 75वें सार्वजनिक दुर्गा पूजा महोत्सव का शुक्रवार शाम समारोहपूर्वक शुभारंभ हुआ। असम के पूर्व कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ भट्टाचार्य ने मुख्य अतिथि के रूप में पूजा पंडाल का उद्घाटन किया। इस वर्ष महिषासुर मर्दिनी की थीम पर सजाया गया पंडाल और पांच से छह मिनट का विशेष 3डी मैपिंग शो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।

उद्घाटन समारोह में गुवाहाटी नगर निगम के वार्ड नंबर 31 की पार्षद रत्ना सिंह, पूजा समिति के मुख्य संरक्षक एवं समाजसेवी नारायण अग्रवाल, अध्यक्ष प्रबीर दास गुप्ता, सचिव विश्वजीत चंदा और कोषाध्यक्ष देबाशीष चक्रवर्ती सहित अनेक गणमान्य लोग, समिति के सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री सिद्धार्थ भट्टाचार्य ने दुर्गा पूजा के धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा का अपने मायके आगमन भारतीय परंपरा में विशेष महत्व रखता है। दुर्गोत्सव परिवार और समाज के लोगों के पुनर्मिलन, आपसी सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का अवसर भी प्रदान करता है। यह पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और रीति-रिवाजों को संजोकर रखने तथा उन्हें अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की प्रेरणा देता है।

भट्टाचार्य ने कहा कि मां दुर्गा की आराधना से जीवन में सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों और सद्भाव की भावना विकसित करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने पूजा समिति के पदाधिकारियों से उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा सभी व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने स्वच्छता पर भी जोर देते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

पूर्व मंत्री ने मां दुर्गा के चरणों में नमन करते हुए समाज के सभी वर्गों की सुख-शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की तथा सभी को दुर्गोत्सव की शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि श्री श्री दक्षिणेश्वरी कालीबाड़ी दुर्गा पूजा समिति इस वर्ष अपने सार्वजनिक दुर्गा पूजा आयोजन के 75 वर्ष पूरे कर रही है। इस विशेष अवसर पर महिषासुर मर्दिनी की थीम को प्रमुखता दी गई है। पांच से छह मिनट के 3डी मैपिंग शो के माध्यम से इस पौराणिक प्रसंग को आकर्षक दृश्य प्रभावों के साथ प्रस्तुत करने की योजना है।

समिति का यह 75वां दुर्गा पूजा महोत्सव रेलवे कालीबाड़ी कॉलोनी की पुरानी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ स्थानीय लोगों के बीच सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता का अवसर भी बना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *