महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह के दूसरे चरण में रक्तदान शिविर आयोजित,मारवाड़ी हॉस्पिटल में 30 यूनिट रक्त संग्रह, प्रदीप भुवालका ने किया 63वीं बार रक्तदान
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 26 अक्टूबर। महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह के दूसरे चरण के अंतर्गत रविवार को समस्त अग्रवाल समाज की विभिन्न संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में मारवाड़ी हॉस्पिटल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मानव सेवा के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में 30 लोगों ने रक्तदान किया। शिविर में कुल 48 लोगों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से चिकित्सकीय जांच के दौरान विभिन्न कारणों से 18 लोग रक्तदान के लिए उपयुक्त नहीं पाए गए।
अग्रवाल सभा, अग्रवाल युवा परिषद, महाराजा अग्रसेन चैरिटेबल ट्रस्ट, महाराजा अग्रसेन शिक्षा कोष तथा अखिल भारतीय अग्रवाल महिला सम्मेलन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के संयोजक प्रदीप भुवालका ने स्वयं भी रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। उल्लेखनीय है कि यह उनका 63वां रक्तदान था। रक्तदान के प्रति उनका समर्पण अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायी रहा। इस अवसर पर मारवाड़ी हॉस्पिटल के अध्यक्ष शरत कुमार जैन ने शिविर का दौरा कर आयोजकों के प्रयासों की सराहना की।
शिविर के प्रोजेक्ट चेयरपर्सन सुजीत बुखरेडिया एवं पूनम अग्रवाल थे। इस अवसर पर अग्रवाल सभा के अध्यक्ष पवन जाजोदिया, अग्रवाल युवा परिषद के अध्यक्ष रंजन अग्रवाल, महाराजा अग्रसेन चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष मनोज जालान, महाराजा अग्रसेन शिक्षा कोष के अध्यक्ष विजय अग्रवाल तथा अखिल भारतीय अग्रवाल महिला सम्मेलन की अध्यक्ष स्वाति अग्रवाल सहित सभी सहयोगी संस्थाओं के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।
अग्रवाल सभा के जनसंपर्क संयोजक विवेक सांगानेरिया ने बताया कि महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह के अंतर्गत आयोजित इस रक्तदान शिविर के माध्यम से समस्त अग्रवाल समाज ने मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे सेवाकार्य समाज में परस्पर सहयोग और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करते हैं।

