जोरहाट में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई महर्षि पराशर जयंती, धार्मिक अनुष्ठान, भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन, समाज के तीन वरिष्ठजनों का सम्मान

थर्ड आई न्यूज़

जोरहाट से नीरज खंडेलवाल

जोरहाट, 26 अक्टूबर। पारीक सभा एवं पारीक महिला मंडल, जोरहाट के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को महर्षि पराशर जयंती समारोह श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठान, भजन संध्या, महिलाओं एवं बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिताओं तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। समारोह में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः महर्षि पराशर की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। आचार्य नारायण पारीक के सान्निध्य में पांच जोड़ों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर समाज की सुख-समृद्धि की मंगलकामना की। इसके बाद भावना तिवाड़ी एवं रेखा व्यास के संचालन में महिलाओं और बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

दोपहर दो बजे से आयोजित भजन संध्या में स्थानीय कलाकारों ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। शाम पांच बजे महर्षि पराशर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर लक्ष्मीनारायण तिवाड़ी, सत्यनारायण पुरोहित, राजेन्द्र पारीक, बाबूलाल तिवाड़ी, कैलाश जोशी, रामकुमार पारीक, पवन तिवाड़ी (पप्पू), सांवरमल व्यास, प्रेमलता जोशी और पुष्पा देवी तिवाड़ी सहित समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

समारोह के दौरान समाज के वरिष्ठ नागरिकों लक्ष्मीनारायण तिवाड़ी, गोपाल पारीक (रंगामाटी) एवं रामेश्वर जोशी को दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने वरिष्ठजनों का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के सभी प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के संयोजक पवन तिवाड़ी (पप्पू) तथा महिला संयोजिका सोनू तिवाड़ी एवं नीलम तिवाड़ी ने आयोजन की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन अम्बिका पारीक, विजयलक्ष्मी तिवाड़ी, सुलोचना पारीक एवं गौरव तिवाड़ी ने किया।

समारोह के समापन पर पारीक सभा के अध्यक्ष गौरीशंकर तिवाड़ी एवं पारीक महिला मंडल की अध्यक्ष प्रेमलता जोशी ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। पारीक सभा के सचिव उमेश पारीक ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करते हैं। यह जानकारी पारीक सभा के सह-सचिव सुधीर पुरोहित ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *