खांडल विप्र परिषद का दीपावली स्नेह मिलन समारोह 14 नवंबर को, श्याम कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्नेह भोज का होगा आयोजन

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी। खांडल विप्र परिषद की गुवाहाटी शाखा की ओर से 14 नवंबर 2026, शनिवार को दीपावली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम परशुराम सेवासदन, छत्रीबाड़ी के ग्राउंड फ्लोर पर शाम 4 बजे से आयोजित होगा।

परिषद के अध्यक्ष रामनिरंजन झिकनाड़िया ने बताया कि समारोह का उद्देश्य समाज में एकता, आपसी सद्भाव, पारिवारिक मेल-मिलाप और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि परिषद का प्रयास खांडल विप्र समाज के प्रत्येक परिवार को एक मंच पर लाकर संगठन को मजबूत करना है। वरिष्ठजनों के अनुभव एवं मार्गदर्शन, युवाओं की ऊर्जा और मातृशक्ति के सहयोग से समाज को नई दिशा देने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सामाजिक विरासत से जोड़ना भी परिषद की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल लोगों को एक मंच पर एकत्र करना नहीं, बल्कि आपसी संबंधों को मजबूत कर एक संगठित और समरस समाज का निर्माण करना है।

समारोह के तहत शाम 4 से 6 बजे तक श्याम कीर्तन, शाम 6 से 8 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा रात 8 बजे से स्नेह भोज का आयोजन होगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं द्वारा नृत्य एवं लोकनृत्य की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं।

परिषद ने समाज के वरिष्ठजनों, बंधुओं, महिलाओं और युवाओं से सपरिवार समारोह में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *