लखीमपुर में राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर संगोष्ठी आयोजित, जनमुखी पत्रकारिता के दायित्वों और भूमिका पर हुआ विचार-विमर्श

थर्ड आई न्यूज

लखीमपुर, 16 नवंबर। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर लखीमपुर जिला प्रशासन के तत्वावधान में जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय तथा लखीमपुर जिला पत्रकार संघ के सहयोग से सोमवार को सर्किट हाउस के सभागार में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला आयुक्त प्रांजित काकोटी ने की, जबकि जिला विकास आयुक्त मनोरंजन पायेंग विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

संगोष्ठी का विषय ‘पत्रकारिता में जनमुखी होने का दायित्व’ था। मुख्य वक्ता एवं रिसोर्स पर्सन के रूप में उपस्थित ओ.पी.डी. महाविद्यालय, पानीगांव, लखीमपुर के प्राचार्य डॉ. सुरेश दत्ता ने विषय पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने पत्रकारिता की सामाजिक भूमिका और जनहित से जुड़े दायित्वों पर अपने विचार रखे।

इस अवसर पर लखीमपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष कुमोद बरुवा, नवनियुक्त अध्यक्ष अजित मेधि तथा बिहपुरिया प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के समापन पर जिला प्रशासन और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से उपस्थित पत्रकारों को कलम और डायरी प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही चाय-नाश्ते और दोपहर के भोजन की व्यवस्था भी की गई थी।

संगोष्ठी में जिले के प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े बड़ी संख्या में पत्रकार एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *