गोपाष्टमी मेले में समाज के भामाशाहों का गरिमामय अभिनंदन, गौ पूजन के लिए उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, वार्षिक स्मारिका का विमोचन
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 17 नवंबर। गौ सेवा एवं समाजसेवा के प्रति समर्पित समाज के भामाशाहों का श्री गौहाटी गौशाला की ओर से गोपाष्टमी मेले के अवसर पर आयोजित विशेष सम्मान समारोह में गरिमामय अभिनंदन किया गया। गौहाटी गौशाला ट्रस्ट के चेयरमैन कैलाश चंद्र लोहिया, ट्रस्टी इंचार्ज डॉ. अशोक धानुका, गौशाला के अध्यक्ष रमेश गोयनका एवं मंत्री रामस्वरूप जोशी की देखरेख में आयोजित तीन दिवसीय गोपाष्टमी मेले के अंतिम दिन मुख्य मंच पर समाज के प्रबुद्ध एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति में गौ सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले भामाशाहों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
इस अवसर पर मालीगांव गौशाला में भवन निर्माण हेतु कैलाश चंद्र लोहिया, आठगांव गौशाला में कार्यालय निर्माण हेतु विजय जसरासरिया, नए गोदाम के निर्माण हेतु विनोद छावछरिया एवं भीष्म गुप्ता, गौवंश के लिए दाना मिश्रण की टीएमआर मशीन उपलब्ध कराने हेतु विजय अग्रवाल (त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन), आठगांव गौशाला के मुख्य द्वार के पुनर्निर्माण हेतु राधाकृष्ण सिवोटिया परिवार (लोसल वाले) की ओर से दीनदयाल सिवोटिया तथा रोटी बनाने की मशीन उपलब्ध कराने हेतु स्व. काशीप्रसाद एवं स्व. नारायणी देवी जालान परिवार और भूत परिवार का अभिनंदन किया गया। इसके अलावा वार्षिक लाग के विभिन्न मदों में सर्वाधिक अर्थ संग्रह के लिए रामावतार भरतिया परिवार तथा जीवनराम-मूंगी देवी गोयनका परिवार से सिद्धार्थ गोयनका को सम्मानित किया गया। हालांकि सिद्धार्थ गोयनका समारोह में उपस्थित नहीं हो सके।
वहीं मालीगांव गौशाला के संयोजक सीताराम बिहानी को उनकी निःस्वार्थ गौ सेवा के लिए विशिष्ट कार्यकर्ता के रूप में तथा विशिष्ट समाजसेवी भगवती प्रसाद खेमका को उनके उल्लेखनीय सामाजिक योगदान के लिए गौशाला परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। गौशाला के ट्रस्टियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने फूलाम गामोछा, दुपट्टा एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सभी सम्मानित विभूतियों के प्रति आभार व्यक्त किया। सम्मान समारोह का संचालन संयुक्त मंत्री रमेश चांडक ने किया।
परंपरा के अनुरूप आज मुख्य मंच पर समाज के गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में गौ माता की सेवा के लिए अर्थ संग्रह भी किया गया। अर्थ संग्रह में गौहाटी गौशाला ट्रस्ट के चेयरमैन कैलाश चंद्र लोहिया, ट्रस्टी इंचार्ज डॉ. अशोक धानुका, ट्रस्टी दीनदयाल सिवोटिया, जयप्रकाश गोयनका, मनोज अग्रवाल, अध्यक्ष रमेश गोयनका, उपाध्यक्ष प्रदीप भुवालका, संयुक्त सचिव विनीत तोदी, विजय सिंह डागा, डॉ. अशोक पंसारी, जगमोहन सोनी, किशन सोनी, प्रमोद हरलालका, रमेश अग्रवाल (मनसा इंडस्ट्रीज), मनोज जालान, जगदीश भारुका, बसंत मित्तल, ऋषि गुप्ता एवं निर्मल गोलछा का विशेष सहयोग रहा।
गोपाष्टमी के पावन अवसर पर आज मेले के अंतिम दिन गौ पूजन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गौ माता का पूजन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। मेले में आए श्रद्धालुओं ने गौशाला प्रबंधन की ओर से की गई विभिन्न व्यवस्थाओं की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
इस अवसर पर गौशाला की वार्षिक स्मारिका का भी विमोचन किया गया। संपादक कृष्ण कुमार जालान, सलाहकार रामपाल सिकारिया तथा स्मारिका समिति के सदस्य रमेश चांडक, गौतम शर्मा, विवेक सांगानेरिया, प्रमोद तिवाड़ी एवं पवन जाजोदिया की देखरेख में तैयार की गई स्मारिका का विमोचन गौशाला के ट्रस्टियों ने संयुक्त रूप से किया।
तीन दिवसीय गोपाष्टमी मेले को सफल बनाने में गौशाला के सभी ट्रस्टियों, कार्यकारिणी सदस्यों, विभिन्न उपसमितियों के संयोजकों एवं उनके सहयोगियों के साथ-साथ समाजबंधुओं का भरपूर सहयोग रहा। गौ सेवा, श्रद्धा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता के सुंदर समन्वय के साथ तीन दिवसीय गोपाष्टमी मेले का समापन हुआ।

