गन्स एन’ रोजेज कॉन्सर्ट के बाद ट्रैफिक कांस्टेबल से मारपीट, तीन गिरफ्तार

थर्ड आई न्यूज

खानापाड़ा के शनि मंदिर के पास हुई थी घटना; गिरफ्तार आरोपियों में दो शिलांग और एक पंजाब के मोहाली का निवासी

गुवाहाटी, 19 नवंबर। शहर में आयोजित गन्स एन’ रोजेज के कॉन्सर्ट के बाद खानापाड़ा इलाके में ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबल के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुशांत आचार्य, सुर्ची आचार्य और गुंटाश सिंह के रूप में हुई है। इनमें सुशांत और सुर्ची मेघालय के शिलांग के निवासी हैं, जबकि गुंटाश सिंह पंजाब के मोहाली का रहने वाला है।

घटना मंगलवार, 17 नवंबर की रात खानापाड़ा स्थित शनि मंदिर के पास हुई थी। दिसपुर ट्रैफिक शाखा में तैनात कांस्टेबल टिंकू मोनी डेका उस समय यातायात नियंत्रण की ड्यूटी पर थे। बताया गया है कि सड़क पर वाहनों की आवाजाही के बीच कुछ लोग लापरवाही से सड़क पार करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान डेका ने उन्हें रोकने के साथ-साथ यातायात सुचारु करने के लिए एक ऑटो रिक्शा को सड़क से हटाने का प्रयास किया।

कांस्टेबल डेका के बयान के अनुसार, इसी दौरान एक महिला उनके पास पहुंची और बिना किसी पूर्व कहासुनी के उन्हें थप्पड़ मार दिया। इसके बाद महिला के साथ मौजूद अन्य लोग भी विवाद में शामिल हो गए और कथित तौर पर उन पर हमला कर दिया।

डेका ने आरोप लगाया कि समूह में चार से पांच पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं। इन लोगों ने उन्हें जमीन पर गिरा दिया और ड्यूटी के दौरान बार-बार मारपीट की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, समूह के सदस्य उसी शाम गुवाहाटी में आयोजित गन्स एन’ रोजेज के कॉन्सर्ट में शामिल होकर लौट रहे थे और कथित तौर पर शराब के नशे में थे।

घटना के बाद कांस्टेबल डेका ने दिसपुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पहले एक व्यक्ति को हिरासत में लिया था। मामले की जांच आगे बढ़ने के बाद अब तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

घटना के बाद ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी के साथ कथित मारपीट को लेकर शहर में चर्चा है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *