Assam: ‘आईएसआई के बुलावे पर पाकिस्तान गए थे गोगोई, हमारे पास सारे सबूत’, सीएम शर्मा का कांग्रेस सांसद पर आरोप

थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी I असम के सीएम हिमंत विश्व शर्मा ने एक बार फिर कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि गौरव गोगोई आईएसआई के बुलावे पर पाकिस्तान गए थे। उन्होंने पाकिस्तान की संस्था के साथ मिलकर काम किया। हमारे पास सारे सबूत हैं। हम 10 सितंबर तक हर सबूत पेश करेंगे।
एक कार्यक्रम में शर्मा ने कहा कि गौरव गोगोई आईएसआई के निमंत्रण पर पाकिस्तान गए थे। मैं यह पहली बार कह रहा हूं। हमारे पास इसके दस्तावेज हैं। वह पर्यटन के उद्देश्य से नहीं गए थे। वह निश्चित रूप से प्रशिक्षण लेने के लिए वहां गए थे। लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता पाकिस्तान सरकार के सीधे निमंत्रण पर वहां गए थे और यह खतरनाक है।
उन्होंने कहा कि वह पाकिस्तानी संस्था के साथ मिलकर काम कर रहे थे। गृह विभाग कब निमंत्रण भेजता है? यह केवल प्रशिक्षण देने के लिए होता है विदेश विभाग या किसी विश्वविद्यालय से निमंत्रण पूरी तरह से अलग बात है। यह विदेशी मामलों या सांस्कृतिक विभागों से नहीं था। वह पाकिस्तान के गृह विभाग से सीधे निमंत्रण पर वहां गए थे।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि सरकार के पास गोगोई के कृत्यों के सबूत हैं और इससे बचने का कोई रास्ता नहीं है। उनके सारे रास्ते बंद हो चुके हैं। हमने सबूत देखे हैं। हमें केवल कागजात प्राप्त करने के लिए सितंबर तक का समय चाहिए। हमें एक नोटिस जमा करना होगा और फिर दूतावास हमें दस्तावेज उपलब्ध कराएगा। 10 सितंबर अंतिम तारीख है और कृपया उस समय तक इस बारे में दोबारा न पूछें।
गोगोई की पत्नी पर लगाए थे आरोप :
इससे पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न को लेकर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि एलिजाबेथ कोलबर्न के पाकिस्तानी सेना के साथ अच्छे संबंध हैं। कोलबर्न ने 19 बार पाकिस्तान यात्रा की थी और पड़ोसी देश में पाकिस्तानी सेना के अधिकारी उनके साथ थे। गोगोई की पत्नी ने पाकिस्तान में काम किया और फिर एक गैर-सरकारी संगठन में काम करने के लिए दिल्ली आईं, लेकिन उन्हें पाकिस्तान से वेतन मिलता रहा।