IND vs UAE: टी20 में सर्वाधिक गेंदें शेष रहते जीत दर्ज करने वाला दूसरा देश बना भारत, गेंदबाजों ने दिखाया दम

थर्ड आई न्यूज
दुबई I सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली भारतीय टीम ने एशिया कप में धमाकेदार आगाज किया है। भारत ने यूएई को नौ विकेट से रौंदकर टूर्नामेंट में अपने अभियान की विजयी शुरुआत की है। इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने अपना दम दिखाया जिसके आगे यूएई के बल्लेबाज एक पल भी चुनौती पेश नहीं कर सके। यूएई की टीम 13.1 ओवर में सिर्फ 57 रन बना पाई जिसके जवाब में भारतीय टीम ने 4.3 ओवर यानी महज 27 गेंदों में एक विकेट पर 60 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने 16 गेंदों में 30 रन बनाए। वहीं, शुभमन गिल (20) और सूर्यकुमार यादव (7) नाबाद रहे। यूएई के लिए जुनैद सिद्दीकी ने एक विकेट झटका।
पावरप्ले में ही जीता भारत :
यूएई की टीम भारत के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य नहीं रख सकी और कम स्कोर का पीछा करते हुए भारत ने आक्रामक शुरुआत की। भारत के लिए अभिषेक शर्मा के साथ शुभमन गिल पारी का आगाज करने उतरे। अभिषेक ने पारी की पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर अपने इरादे जाहिर कर दिए। अभिषेक चौथे भारतीय बल्लेबाज हैं जिन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की पहली गेंद पर छक्का लगाया है। अभिषेक से पहले रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल और संजू सैमसन ऐसा कर चुके हैं। अभिषेक यहीं नहीं रुके और उन्होंने तेज खेलना जारी रखा, लेकिन टीम को जीत दिलाने से पहले ही अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद गिल और सूर्यकुमार ने भारत को पावरप्ले में ही जीत दिला दी।
106 गेंदों पर समाप्त हुआ मैच
भारत और यूएई के बीच एशिया कप के ग्रुप ए का मुकाबला महज 106 गेंदों पर ही समाप्त हो गया। यूएई की पारी 79 गेंदों पर सिमट गई, जबकि भारत ने लक्ष्य हासिल करने में 27 गेंदों का सहारा लिया। इस तरह दोनों पारियां मिलाकर 106 गेंदों पर मैच खत्म हो गया। यह चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच है जो न्यूनतम गेंदों पर समाप्त हुआ है। इससे पहले 2014 में नीदरलैंड और श्रीलंका के खिलाफ मैच 93 गेंद, ओमान और इंग्लैंड के खिलाफ 2024 में हुआ मैच 99 गेंदों और नीदरलैंड और श्रीलंका के बीच 2021 में शारजाह में खेले गए मैच में सिर्फ 103 गेंद ही डल सकी थी।
भारत ने अपने पिछले रिकॉर्ड में किया सुधार :
भारत ने यूएई के खिलाफ 93 गेंदें शेष रहते हुए मैच अपने नाम कर लिया। भारत टी20 में सर्वाधिक गेंदें शेष रहते जीत दर्ज करने वाला दूसरा पूर्णकालिक देश बन गया है। भारत ने अपने पिछले रिकॉर्ड में सुधार किया है। इससे पहले भारत ने स्कॉटलैंड के खिलाफ 2021 में दुबई में खेले गए मैच को 81 गेंदें शेष रहते हुए जीता था, लेकिन टीम ने अब इसमें सुधार किया। पूर्णकालिक सदस्य टीमों में सबसे ज्यादा गेंद शेष रहते टी20 मैच जीत दर्ज करने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम है। इंग्लैंड ने 2024 में ओमान के खिलाफ 101 गेंदें शेष रहते जीत दर्ज की थी।