भाजपा असम प्रदेश में गौरव सोमानी बने प्रोफेशनल सेल के संयोजक
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 24 दिसंबर।
भारतीय जनता पार्टी, असम प्रदेश ने संगठनात्मक मजबूती की दिशा में अहम कदम उठाते हुए विभिन्न स्टेट सेल एवं विभागों के संयोजकों की घोषणा कर दी है। इस क्रम में पार्टी नेतृत्व ने गौरव सोमानी को भाजपा असम प्रदेश के प्रोफेशनल सेल का संयोजक नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
भाजपा असम प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, प्रदेश संगठन में अलग–अलग क्षेत्रों से जुड़े सेल्स को सक्रिय और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह नियुक्तियां की गई हैं। प्रोफेशनल सेल के संयोजक के रूप में गौरव सोमानी की जिम्मेदारी राज्य के विभिन्न पेशेवर वर्गों—जैसे चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, शिक्षाविद एवं अन्य विशेषज्ञों—को पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों से जोड़ने की होगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, गौरव सोमानी लंबे समय से संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं और पेशेवर वर्गों में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। उनकी नियुक्ति से प्रोफेशनल सेल को नई ऊर्जा मिलने और आगामी समय में पार्टी की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इसी सूची में लीगल सेल, इंटेलेक्चुअल सेल, इकोनॉमिक सेल, मेडिकल सेल, टीचर सेल, ट्रेडर्स सेल, वीवर्स सेल, फिशरमैन सेल सहित कुल 14 स्टेट सेल के संयोजकों तथा प्रशिक्षण विभाग के संयोजक की भी घोषणा की गई है।
भाजपा नेतृत्व ने सभी नवनियुक्त संयोजकों से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने तथा आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए पार्टी को तैयार करने की अपेक्षा जताई है।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">