श्री गौहाटी गौशाला में तीन दिवसीय गोपाष्टमी मेला 15 नवंबर से, देश के ख्यातिप्राप्त हास्य कवियों का सम्मेलन होगा मुख्य आकर्षण, गौपूजन के साथ खानपान और खरीदारी की भी रहेगी व्यवस्था

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 27 अक्टूबर। आठगांव स्थित श्री गौहाटी गौशाला में आगामी 15 से 17 नवंबर तक तीन दिवसीय गोपाष्टमी मेले का आयोजन किया जाएगा। पिछले 110 वर्षों से गोपाष्टमी मेले की परंपरा का निर्वहन करती आ रही गौशाला ने इस वर्ष भी आयोजन को भव्य स्वरूप देने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मेले में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, खानपान, खरीदारी और मनोरंजन की विभिन्न व्यवस्थाएं रहेंगी। इस बार मेले का मुख्य आकर्षण 16 नवंबर को आयोजित होने वाला अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन होगा।

गौशाला के चेयरमैन कैलाश चंद लोहिया एवं कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष रमेश गोयनका के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस मेले का उद्देश्य गौसेवा के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करना है। तीन दिवसीय आयोजन में बड़ी संख्या में गौभक्तों और श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

गौशाला के ट्रस्टी इंचार्ज डॉ. अशोक धानुका ने बताया कि मेले के दूसरे दिन 16 नवंबर को शाम 7:30 बजे से गौशाला परिसर में अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें देश के जाने-माने हास्य कवि अपनी रचनाओं और व्यंग्यपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मनोरंजन करेंगे। उन्होंने बताया कि कवि सम्मेलन को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।

डॉ. धानुका ने बताया कि मेले के तीनों दिन गौपूजन की व्यवस्था रहेगी। श्रद्धालु गौमाता को हरी घास, रोटी और गुड़ खिलाकर गौसेवा कर सकेंगे। इसके अलावा मेले में दिल्ली और कोलकाता के ख्यातिप्राप्त कारीगरों द्वारा तैयार विभिन्न प्रकार की चाट, मिठाइयों और स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे। खरीदारी के लिए भी विभिन्न वस्तुओं की दुकानें रहेंगी, जहां लोगों को सुलभ मूल्य पर सामान उपलब्ध होगा। मेले को आकर्षक स्वरूप देने के लिए आधुनिक साज-सज्जा और विशेष रोशनी की व्यवस्था भी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि आयोजन को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न उपसमितियों का गठन किया गया है। सभी उपसमितियां अपने-अपने संयोजकों के नेतृत्व में तैयारियों में जुटी हुई हैं। गौशाला प्रबंधन का प्रयास है कि तीन दिवसीय मेला धार्मिक आस्था के साथ पारिवारिक मनोरंजन और सामाजिक मेल-मिलाप का भी केंद्र बने।

गौशाला की कार्यकारिणी समिति के उपाध्यक्ष प्रदीप भुवालका ने सभी समाजबंधुओं, गौभक्तों और नगरवासियों से परिवार एवं मित्रों सहित मेले में शामिल होने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि गोपाष्टमी मेला गुवाहाटी की एक पुरानी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा है। इस आयोजन के माध्यम से गौसेवा के साथ समाज के विभिन्न वर्गों को आपस में जुड़ने का अवसर मिलता है।

गौशाला प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि पूर्व वर्षों की भांति इस बार भी नगरवासियों के सहयोग और सहभागिता से गोपाष्टमी मेला सफलतापूर्वक संपन्न होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *