नववर्ष पर आठगांव व मालीगांव गौशाला में दिखी भारी भीड़
गौ सेवा करने अपने परिवार के साथ पहुंचे गौ भक्तगण
गुवाहाटी 1 जनवरी। साल के पहले दिन विभिन्न मठ मंदिर, धार्मिक स्थलों, पार्क के अलावा आज अठगांव व मालीगांव स्थित श्री गौहाटी गौशाला में भी आज दिन भर भक्तों की भारी भीड़ देखी गई। नववर्ष के मौके पर गौ भक्त आज सुबह से ही गौशाला प्रांगण पहुंचकर गौ माता की सेवा करते नजर आए। इस दौरान लोग अपने पूरे परिवार के साथ गौशाला पहुंचकर गौ माता को गुड, घास, चापड़ अपने हाथों से खिलाया। इस दौरान कई लोगों द्वारा गौ माता के लिए स्वामणि भी कराई। इस दौरान गौशाला प्रांगण में मौजूद विभिन्न मंदिर में भी भक्तों ने दर्शन कर अपने एवं परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की। एक गौ भक्त ने अपनी भावना प्रकट करते हुए कहा कि गौशाला जैसे पवित्र भूमि पर साल के पहले दिन बच्चों को लेकर आना और उन्हें गौ सेवा के प्रति प्रेरित करने से ही उनमें हमारी संस्कृति, धर्म, रीति रिवाज, संस्कारों को गढ़ा जा सकता है। वही मालीगांव स्थित श्री गौहाटी गौशाला में भी आज दिन भर गौ भक्तों की भीड़ देखी गई। यहां पर भी नववर्ष के पहले दिन आज दिन भर आसपास के लोग पूजा अर्चना कर गौ माता को गुड़, घास एवं रोटी आदि खिलाते नजर आए। कुल मिलाकर आज दिन भर दोनों गौशालाओं में गो भक्तों की भारी भीड़ देखी गई।

