alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

बिहू पर जोरहाट को विकास की सौगातें, फ्रीडम मूवमेंट पार्क व फ्लाईओवर को लेकर बोले मुख्यमंत्री शर्मा

थर्ड आई न्यूज

जोरहाट से नीरज खंडेलवाल

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बिहू के अवसर पर जोरहाटवासियों को कई सौगातें देने की घोषणा की। इस क्रम में उन्होंने जोरहाट स्थित फ्रीडम मूवमेंट पार्क का निरीक्षण किया और बताया कि इस परियोजना का प्रथम चरण फरवरी माह तक पूर्ण कर लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहू के उपहार के रूप में नगर के मध्य ए.टी. रोड स्थित प्रस्तावित फ्लाईओवर के निर्माण कार्य का भी शीघ्र शुभारंभ किया जाएगा, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था को बड़ी राहत मिलेगी।

राजनीतिक टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि अखिल गोगोई की फेसबुक लाइव देखने से उन्हें अच्छी नींद आती है। उन्होंने कहा कि दिनभर के काम के बाद वे प्रतिदिन अखिल गोगोई की फेसबुक लाइव देखते हैं। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों को भी सलाह दी कि वे भी अखिल गोगोई की फेसबुक लाइव देखकर अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें।

गायक जुबिन गर्ग से जुड़े मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि लोक अभियोजक (पब्लिक प्रॉसीक्यूटर) यह राय देंगे कि मामला फास्ट ट्रैक अदालत में चलाया जाना चाहिए, तो इस संबंध में कैबिनेट का निर्णय लेकर उसे मुख्य न्यायाधीश को भेजा जाएगा।

वहीं प्रियंका गांधी के असम दौरे को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे इससे पहले भी कई बार असम आ चुकी हैं और उनके दौरों का क्या प्रभाव पड़ा, यह सभी भली-भांति जानते हैं। उन्होंने आगे कहा कि राज्य में अवैध रूप से भूमि पर कब्जा करने वाले संदिग्ध नागरिकों की जमीन खाली कराई गई है और ऐसे लोगों को संबंधित मतदान केंद्रों में मतदान का अधिकार नहीं होगा।

मुख्यमंत्री के इस दौरे और बयानों को आगामी दिनों में जोरहाट और असम की राजनीति व विकास के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *