केंद्रीय गुवाहाटी विधानसभा सीट से भाजपा टिकट के लिए राजकुमार तिवाड़ी ने किया आवेदन
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी। गुवाहाटी नगर निगम के पूर्व पार्षद राजकुमार तिवाड़ी ने आगामी असम विधानसभा चुनाव में 36, केंद्रीय गुवाहाटी विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में विचार किए जाने हेतु असम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को आज औपचारिक आवेदन सौंपा है।
अपने आवेदन में श्री तिवाड़ी ने बताया है कि वे बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे हैं और उनका पांच दशकों से अधिक का संघ जीवन रहा है। राष्ट्रवाद, अनुशासन और निःस्वार्थ सेवा के मूल्यों से प्रेरित होकर उन्होंने निरंतर सामाजिक और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाई है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि असम में भाजपा के आरंभिक दौर से ही वे पार्टी से जुड़े हुए हैं और विभिन्न परिस्थितियों में एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में संगठन के लिए कार्य करते रहे हैं।
अपने बायोडाटा में श्री तिवाड़ी ने वर्ष 2013 में भाजपा प्रत्याशी के रूप में गुवाहाटी नगर निगम के वार्ड संख्या 9 (वर्तमान में वार्ड 16, 17 एवं 18) से पार्षद निर्वाचित होने का उल्लेख किया है। उस समय यह वार्ड लगभग 30 हजार मतदाताओं वाला शहर का एक बड़ा और विविधतापूर्ण क्षेत्र था। उन्होंने इसे जनता के विश्वास और पार्टी की विचारधारा की स्वीकार्यता का प्रमाण बताया है।
आवेदन में उन्होंने केंद्रीय गुवाहाटी क्षेत्र के नागरिकों से अपने निरंतर संपर्क, उनकी समस्याओं के समाधान हेतु किए गए प्रयासों तथा सामाजिक-नागरिक सरोकारों में अपनी सक्रिय भूमिका का भी उल्लेख किया है। साथ ही, अपने बायोडाटा में उन्होंने विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और सेवा संस्थाओं से अपने जुड़ाव, भाजपा में अलग-अलग समय पर विभिन्न दायित्वों पर रहकर किए गए कार्यों तथा अपनी पारिवारिक पृष्ठभूमि की जानकारी भी दी है।
श्री तिवाड़ी ने पार्टी नेतृत्व से आग्रह किया है कि उन्हें केंद्रीय गुवाहाटी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का अवसर प्रदान किया जाए, ताकि वे और अधिक जिम्मेदारी के साथ जनता और संगठन की सेवा कर सकें।
उधर, आवेदन दिए जाने की जानकारी सार्वजनिक होते ही श्री तिवाड़ी को विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, नागरिक संगठनों और शहर के वरिष्ठ नागरिकों की ओर से शुभकामनाएं और बधाई संदेश मिलने लगे हैं। कई लोगों ने उनके लंबे सामाजिक अनुभव और जमीनी जुड़ाव की सराहना करते हुए उनके प्रयास को सकारात्मक बताया है।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">