एक मार्च से नए गुवाहाटी–नॉर्थ गुवाहाटी ब्रिज पर शुरू होगा वाहनों का आवागमन, बसों व ट्रकों से लिया जाएगा टोल
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने 11 फरवरी को घोषणा की कि नॉर्थ गुवाहाटी और साउथ गुवाहाटी को जोड़ने वाले नए पुल पर 1 मार्च से वाहनों का आवागमन शुरू हो जाएगा। हालांकि जून तक अस्थायी यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने बताया कि पुल का स्थायी प्रारंभिक बिंदु गौरीपुर है, लेकिन वहां ट्रंपेट इंटरचेंज का निर्माण कार्य अभी जारी होने के कारण फिलहाल वाहन आईआईटी गुवाहाटी मार्ग से पुल पर प्रवेश करेंगे। उन्होंने कहा, “1 मार्च से वाहन नए पुल पर चलेंगे, लेकिन गौरीपुर में निर्माण कार्य पूरा होने तक हाईवे से कनेक्टिविटी थोड़ी डायवर्ट रहेगी।”
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि पुल पर बसों और ट्रकों को टोल टैक्स देना होगा। उन्होंने इसके पीछे कारण बताते हुए कहा कि भारी वाहनों की बिना नियंत्रण आवाजाही से फैंसी बाजार और आसपास के व्यावसायिक इलाकों में ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने कहा, “यदि बसें और ट्रक बिना नियमन के पुल पर चलेंगी तो इससे फैंसी बाजार और शहर के अन्य हिस्सों में जाम लग सकता है। अन्य छोटे वाहनों से कोई टोल नहीं लिया जाएगा।”
इसके अलावा, पुल को अगले 15 दिनों तक आम जनता के लिए केवल पैदल मार्ग के रूप में खोला जाएगा, ताकि लोग इसे पैदल चलकर देख और अनुभव कर सकें। इसके बाद पूर्ण रूप से वाहन संचालन शुरू होगा।
गौरतलब है कि गुवाहाटी और नॉर्थ गुवाहाटी को जोड़ने वाला यह अत्याधुनिक पुल लोगों की लंबे समय से प्रतीक्षा का विषय रहा है। इस पुल का नाम प्राचीन कामरूप नरेश कुमार भास्कर वर्मा के नाम पर रखा गया है और इसका उद्घाटन 14 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा।
करीब 1.24 किलोमीटर लंबे इस पुल का निर्माण लगभग 3,300 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है और इसे असम की प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">