‘उत्कर्ष’ के संकल्प संग जेसीआई बरपेटा रोड का 10वां शपथ ग्रहण समारोह रंगारंग वातावरण में संपन्न
थर्ड आई न्यूज
बरपेटा रोड, 24 फरवरी:
होली की उमंग और फाल्गुनी उल्लास के बीच जेसीआई बरपेटा रोड का 10वां शपथ ग्रहण समारोह “उत्कर्ष – कल के लिए आज का संकल्प” होली थीम पर भव्य एवं उत्सवपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया I राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी के पावन प्रांगण में आयोजित इस समारोह में समाज के गणमान्यजन, अभिभावक एवं सदस्य रंग-बिरंगे परिधानों में उपस्थित होकर आयोजन को जीवंत बना रहे थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अध्यक्ष जेसी राधिका मोर ने की। मुख्य अतिथि के रूप में जोन अध्यक्ष जेसी सुमित पोद्दार तथा विशिष्ट अतिथि जोन उपाध्यक्ष जेसी मानवी अग्रवाल उपस्थित रहीं। मंच पर कार्यक्रम संयोजिका जेसी मुस्कान जैन, सचिव जेसी आयुषी केडिया, निवर्तमान अध्यक्ष जेसी स्नेहा खेमका एवं कोषाध्यक्ष जेसी आशा सराफ सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। JCI Guwahati Ignite के अध्यक्ष जेसी विवेक अग्रवाल एवं सचिव शेखर जाजोदिया भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जिनका आत्मीय स्वागत किया गया।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ। अतिथियों का दुपट्टा एवं पगड़ी पहनाकर अभिनंदन किया गया। जेसी स्वीटी सराफ ने जेसीआई की आस्थाओं एवं उद्देश्यों का वाचन किया।
अध्यक्ष जेसी राधिका मोर ने अपने कार्यकाल का प्रभावशाली प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए प्रोजेक्टर के माध्यम से वर्ष भर में संचालित सामाजिक प्रकल्पों एवं गतिविधियों की झलक दिखाई। टीम भावना और सेवा कार्यों की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए उत्कृष्ट संयोजकों एवं सदस्यों को अध्यक्षीय पुरस्कार प्रदान किए गए।
इसके उपरांत सत्र 2026 के लिए जेसी आयुषी केडिया को अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। निवर्तमान अध्यक्ष ने उन्हें विधिवत शपथ दिलाकर कॉलर एवं गेवेल प्रदान करते हुए पदभार सौंपा।
नवगठित कार्यकारिणी में सचिव जेसी आशा सराफ, कोषाध्यक्ष जेसी रितिका चौधरी, उपाध्यक्ष जेसी मुस्कान जैन, जेसी निशा खेमका, जेसी स्वाति पटवारी, जेसी दिव्या सराफ, जेसी गुंजन शर्मा, जेसी स्वीटी सराफ तथा निदेशक मंडल में जेसी पूजा दुधोरिया, जेसी रेखा अग्रवाल, जेसी अतुल तुलस्यान एवं जेसी सुमित दुधोरिया को शपथ दिलाई गई। साथ ही तीन नए सदस्यों — जेसी विजेता जैन, जेसी स्नेहा बैंगाणी एवं जेसी पायल जैन — को भी शपथ ग्रहण कराया गया।
नव-निर्वाचित अध्यक्ष जेसी आयुषी केडिया ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में संस्था की 9 वर्षों की गौरवमयी यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि “जेसीआई केवल एक संस्था नहीं, बल्कि सकारात्मक परिवर्तन की शक्ति है। हम सभी मिलकर समाज के लिए नए आयाम स्थापित करेंगे।” इस अवसर पर पूर्व वर्षों के अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर संगठन की निरंतरता और सेवा परंपरा का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया गया।
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने संस्था की अनुशासनात्मक कार्यशैली और सामाजिक प्रतिबद्धता की सराहना की। वरिष्ठ समाजसेवियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए संगठन के कार्यों को सराहा। जोन अध्यक्ष द्वारा हाल ही में ज़ोन ट्रेनर बनीं जेसी ममता बांठिया को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
निवर्तमान अध्यक्ष एवं नव-निर्वाचित अध्यक्ष के परिवारजनों को भी सम्मानित किया गया। भावभीनी विदाई के साथ निवर्तमान अध्यक्ष को शुभकामनाएँ दी गईं।
कार्यक्रम का संचालन जेसी पूजा दुधोरिया एवं जेसी रेखा अग्रवाल ने किया, जबकि सचिव जेसी आशा सराफ ने आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ औपचारिक समारोह का समापन हुआ।
समारोह के उपरांत होली चंग समिति द्वारा पारंपरिक चंग धमाल की रंगारंग प्रस्तुति दी गई। राजस्थानी होली गीतों पर सामूहिक नृत्य के साथ उपस्थित जनों ने होली के आगमन का उल्लासपूर्ण स्वागत किया।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">