नव्या लेडीज क्लब ने मनाया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, महिलाओं को किया सम्मानित
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नव्या लेडीज क्लब की ओर से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्लब की सदस्याएँ उत्साहपूर्वक शामिल हुईं और महिला सशक्तिकरण के संदेश को आगे बढ़ाया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अर्चना कंकानी उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में महिलाओं को ड्रेसिंग सेंस तथा व्यक्तित्व निखारने के विभिन्न पहलुओं पर उपयोगी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उचित और सुसंगत पहनावा व्यक्ति के आत्मविश्वास को बढ़ाता है और उसके व्यक्तित्व को प्रभावशाली बनाता है। उन्होंने अलग-अलग अवसरों के अनुरूप पहनावे के चयन और उसे आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत करने के बारे में भी कई व्यावहारिक सुझाव साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान उन महिलाओं को भी सम्मानित किया गया जो अपने पेशेवर जीवन के साथ-साथ घर की जिम्मेदारियों को भी दक्षता से निभा रही हैं। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं के बहुआयामी योगदान को सम्मान देना और समाज में उनके महत्व को रेखांकित करना रहा।
इस परियोजना की संयोजक कविता शर्मा थीं। कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्ष ज्योति भूत, सचिव ऋतु अग्रवाल और कोषाध्यक्ष मीनाक्षी शर्मा सहित सभी सदस्याएँ उपस्थित रहीं। अंत में अध्यक्ष ज्योति भूत ने महिला सशक्तिकरण का संदेश देते हुए कार्यक्रम का समापन किया।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">