alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

नगांव में मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की हुंकार: 2 लाख नौकरियों, महिलाओं को ₹25 हजार और एक्सप्रेस हाईवे का वादा

थर्ड आई न्यूज

नगांव से जयप्रकाश सिंह

असम विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र नगांव में आयोजित एक विशाल चुनावी सभा में मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने विकास, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं। नगांव-बटद्रवा विधानसभा क्षेत्र के भोटाई डेका खेल मैदान में आयोजित इस सभा में उन्होंने एनडीए उम्मीदवार रूपक शर्मा के समर्थन में प्रचार करते हुए जनता से भाजपा को आशीर्वाद देने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यदि राज्य में पुनः भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनती है, तो अगले कार्यकाल में 2 लाख युवाओं को नई नौकरियां दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार के दौरान बिना किसी लेन-देन के 1.65 लाख लोगों को रोजगार दिया गया है, जो पहले असंभव माना जाता था।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि अरुणोदय योजना के तहत 15 लाख महिलाओं को लाभान्वित किया जाएगा, जिनमें नगांव की 10 हजार महिलाएं भी शामिल होंगी। इसके अलावा महिलाओं को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए 10 लाख युवाओं को 2-2 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाने की योजना पर भी सरकार काम कर रही है।

सभा के दौरान उन्होंने सत्रों और मंदिरों की अतिक्रमित भूमि को मुक्त कराने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब तक डेढ़ लाख बीघा भूमि खाली कराई जा चुकी है और अगले पांच वर्षों में 5 लाख बीघा भूमि अतिक्रमण से मुक्त कराई जाएगी।

इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने नगांव और गुवाहाटी के बीच एक्सप्रेस हाईवे निर्माण की योजना की घोषणा की, जिससे दोनों शहरों के बीच आवागमन आसान होगा।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में ऐसी जनकल्याणकारी योजनाएं नहीं थीं। उन्होंने दावा किया कि इस बार भाजपा, असम गण परिषद और सहयोगी दल मिलकर फिर से सरकार बनाएंगे।

सभा में नगांव जिला भाजपा अध्यक्ष सुवर्ण सिंह ने स्वागत भाषण दिया, जबकि उम्मीदवार रूपक शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले दस वर्षों में क्षेत्र में व्यापक विकास कार्य हुए हैं और जनता का समर्थन भाजपा के साथ है।

इस मौके पर भाजपा और सहयोगी दलों के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस बार रिकॉर्ड मतों से भाजपा गठबंधन की जीत होगी और असम में एक मजबूत व विकासोन्मुख सरकार का गठन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *