नगांव में चैत्र नवरात्र पर भक्ति की बही सरिता, दुर्गा मंदिर प्रांगण में नौ दिवसीय आयोजन संपन्न
थर्ड आई न्यूज
चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर नगांव के कृष्णाश्रम शिव मंदिर स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। जय अंबे सत्संग समिति के तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
19 मार्च से 27 मार्च तक आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक समिति की सदस्याओं द्वारा भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए गए। पूरे नवरात्र के दौरान माता रानी के तीन भव्य श्रृंगार किए गए, जिससे मंदिर परिसर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
महा सप्तमी के अवसर पर विशेष महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें 100 से अधिक महिलाओं ने दीप जलाकर श्रद्धापूर्वक आरती में भाग लिया। वहीं महाअष्टमी के दिन श्रृंगार के पश्चात माता रानी को सवामणि का भोग अर्पित किया गया और विशेष भजन संध्या का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई, जिसे समिति अध्यक्ष मुकेश पोद्दार और भजन गायक अरुण नागरका ने प्रस्तुत किया। इसके बाद संजय पोद्दार, अनिल प्रजापत, अजय महतो, दीपिका वर्मा और स्नेहा शर्मा सहित कई कलाकारों ने भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। इस दौरान गजरा अर्पण और चुनरी अर्पण जैसे पारंपरिक अनुष्ठान भी संपन्न हुए।
अंत में संध्या आरती और भजन संध्या के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। समिति अध्यक्ष मुकेश पोद्दार ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी सदस्याओं, कलाकारों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। नौ दिवसीय इस आयोजन को समाज के सभी वर्गों का व्यापक समर्थन और सराहना मिली।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">