alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

जोरहाट में देवेंद्र फडणवीस की हुंकार, “जय आई असम” से गूंजा मैदान; भाजपा ने जताया प्रचंड बहुमत का भरोसा

थर्ड आई न्यूज़

जोरहाट से नीरज खंडेलवाल

असम विधानसभा चुनाव के बीच जोरहाट में मंगलवार को आयोजित भाजपा की विशाल जनसभा में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने जोशीला संबोधन करते हुए चुनावी माहौल को गरमा दिया। ए.टी. रोड स्थित ट्रक स्टैंड पर उमड़ी भारी भीड़ के बीच उन्होंने असमिया अंदाज में अभिवादन करते हुए “जय आई असम” के नारे से भाषण की शुरुआत की, जिससे पूरा मैदान उत्साह से गूंज उठा।

भाजपा प्रत्याशी हितेंद्र नाथ गोस्वामी के समर्थन में बोलते हुए फडणवीस ने असम की सांस्कृतिक विरासत को नमन किया और मां कामाख्या, लाचित बरफुकन तथा महापुरुष शंकरदेव को श्रद्धांजलि अर्पित की।

अपने संबोधन में उन्होंने दावा किया कि इस बार असम में भाजपा की प्रचंड बहुमत वाली सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और हिमंत विश्वा शर्मा के नेतृत्व में राज्य ने पिछले वर्षों में तेज़ी से विकास किया है और जनता इसी विकास के आधार पर भाजपा को समर्थन देगी।

फडणवीस ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उसके घोषणापत्र को अविश्वसनीय बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वादे अन्य राज्यों में भी पूरे नहीं हुए, जबकि भाजपा ने विकास को जमीनी स्तर पर लागू कर दिखाया है।

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के “A for Assam” कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह अब नारा नहीं, बल्कि वास्तविकता बन चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अब तक लगभग 35 बार असम का दौरा कर चुके हैं, जिससे राज्य के प्रति उनकी प्राथमिकता स्पष्ट होती है।

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई पर निशाना साधते हुए फडणवीस ने सवाल किया कि सांसद बनने के बाद वे कितनी बार जोरहाट आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विकास की राजनीति के बजाय अवसरवाद में विश्वास करती है।

सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी हितेंद्र नाथ गोस्वामी ने भी अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को गिनाया और दोबारा विधानसभा पहुंचकर क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाने के लिए जनता से समर्थन मांगा।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री पवित्र मार्गरिटा, पूर्व विधायक राणा गोस्वामी, भाजपा जिला अध्यक्ष शांतनु पुजारी, पार्षद निशा अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग मंच पर उपस्थित रहे। इससे पहले फडणवीस ने स्थानीय श्री मारवाड़ी ठाकुरबाड़ी में पूजा-अर्चना भी की।

जोरहाट की यह रैली भाजपा के चुनाव अभियान को नई ऊर्जा देती नजर आई, जबकि लगातार बढ़ती जनसभाएं इस बार के चुनाव को और अधिक रोचक और प्रतिस्पर्धात्मक बना रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *