जोरहाट में EVM–VVPAT की कमीशनिंग शुरू, चुनावी तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार
थर्ड आई न्यूज़
जोरहाट से नीरज खंडेलवाल
असम विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियों को तेज करते हुए जोरहाट निर्वाचन जिला प्रशासन ने मंगलवार से EVM और VVPAT मशीनों की कमीशनिंग प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू कर दी। यह कार्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी, असम के निर्देश (पत्र संख्या ELE.32/2025/60, दिनांक 27 मार्च 2026) के तहत किया जा रहा है।
सुबह 9 बजे से निर्धारित दो केंद्रों पर यह महत्वपूर्ण प्रक्रिया प्रारंभ हुई। जोरहाट (100), मारियानी (101) और तिताबर (102) विधानसभा क्षेत्रों के लिए कमीशनिंग का कार्य जोरहाट सरकारी उच्चतर माध्यमिक बहुमुखी बालक विद्यालय के स्ट्रांग रूम में किया जा रहा है, जबकि टियोक (99) विधानसभा क्षेत्र के लिए यह प्रक्रिया बहुमुखी बालिका विद्यालय में संचालित हो रही है।
चुनाव से पूर्व EVM और VVPAT मशीनों की तकनीकी जांच और उन्हें उपयोग के लिए तैयार करना एक अनिवार्य प्रक्रिया होती है। यह पूरी प्रक्रिया भारतीय निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता के साथ संपन्न की जा रही है।
कमीशनिंग के दौरान सभी उम्मीदवारों, उनके अधिकृत प्रतिनिधियों तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पर्यवेक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है, जिससे प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनी रहे। प्रशासन ने सभी संबंधित पक्षों से सहयोग की अपील भी की है।
मशीनों की तकनीकी जांच निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त इंजीनियरों की देखरेख में की जा रही है। इस दौरान जोरहाट के उपायुक्त जय शिवानी ने दोनों केंद्रों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसी क्रम में चुनावी तैयारियों के तहत डीसीबी गर्ल्स कॉलेज, जोरहाट में महिला प्रेसीडिंग ऑफिसरों के लिए दूसरे और तीसरे चरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में चुनाव संचालन से जुड़े तकनीकी और व्यवहारिक पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशासन द्वारा की जा रही इन व्यवस्थाओं से स्पष्ट है कि आगामी विधानसभा चुनाव को सुचारू, पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">