राहुल गांधी ‘पप्पू’ और गौरव गोगोई ‘छोटा पप्पू’ है – असम सीएम हिमंत ने दिया विवादित बयान

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी I असम विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव प्रचार तेज हो गया है। इसी बीच मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और गौरव गोगोई को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पप्पू हैं और गौरव गोगोई छोटा पप्पू है। जो लोग कहते हैं कि वे हिमंत विश्व शर्मा को गिरफ्तार करेंगे, उनके लिए यह सँभव नहीं हैं।

उन्होंने आगे कहा कि इसके लिए उन्हें दोबारा जन्म लेना पड़ेगा। इस जन्म में यह नहीं हो सकता। कई जन्म लेने के बाद ही वे हिमंत विश्व शर्मा के खिलाफ कुछ कर पाएंगे।

गौरव गोगोई पर लगाया गंभीर आरोप :
सीएम हिमंत ने कांग्रेस नेता गौरव गोगोई पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि गौरव गोगोई के पाकिस्तान के मीडिया से संबंध हैं और वहां की मीडिया में उनके समर्थन में चर्चा हो रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तानी मीडिया में असम चुनाव को लेकर टॉक शो हो रहे हैं और गोगोई को क्लीन चिट दी जा रही है। इससे उनके पाकिस्तान कनेक्शन का अंदाजा लगाया जा सकता है।

कांग्रेस को हार का हुआ अंदाजा :
सीएम हिमंत ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस को अपनी हार का अंदाजा हो चुका है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी जानते हैं कि वे चुनाव हारने वाले हैं, इसलिए जनता को लुभाने के लिए उन्होंने यहां दो-दो सभाएं कीं।

ओवैसी पर भी साधा निशाना : एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ओवैसी का चुनाव में कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। साथ ही कहा कि उनके किसी भी नारे का असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि चुनाव के बाद सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मेरे नारे ही चलेंगे।

बीजेपी की बनेगी सरकार :
बीजेपी की जीत को लेकर भरोसा जताते हुए शर्मा ने कहा कि पार्टी को जनता का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि सिलचर और उदरबंद सीटों पर बीजेपी 50 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से जीतेगी और राज्य में 90-100 सीटें हासिल करेगी।

गौरतलब है कि असम में 126 सीटों पर 9 अप्रैल को एक चरण में मतदान होना है। बीजेपी अपने सहयोगी दलों के साथ तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश में है, जबकि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल बीजेपी गठबंधन को कड़ी चुनौती दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *