Jharkhand: मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बांग्लादेशी घुसपैठ पर जताई चिंता, कहा- एक रहोगे तो सुरक्षित रहो
थर्ड आई न्यूज
रांची I असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को यहां झामुमो नीत गठबंधन पर वोट बैंक की राजनीति के लिए घुसपैठ को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर घुसपैठ पर अंकुश नहीं लगाया गया तो 20 साल में झारखंड में हिंदुओं और आदिवासियों के लिए कोई जगह नहीं बचेगी।
झारखंड में भाजपा के चुनाव सह-प्रभारी शर्मा ने सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां में एक रैली के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि जहां हिंदू और आदिवासी आबादी यहां तेजी से घट रही है, वहीं मुस्लिम आबादी बढ़ रही है। शर्मा ने दावा किया कि संथाल परगना में 90 प्रतिशत आबादी हिंदू और आदिवासियों की रही है, लेकिन अब इसमें गिरावट आई है। साथ ही मुस्लिम आबादी में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा, यह चुनाव झामुमो नीत गठबंधन की तानाशाही और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास मॉडल के बीच में है।
एक रहोगे तो सुरक्षित रहोगे: हिमंत
हिमंत विश्व शर्मा ने कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति के लिए हिंदुओं को बांटने की कोशिश करने का शुक्रवार को आरोप लगाया और लोगों से ऐसे प्रयासों को विफल करने के लिए एकजुट रहने का आग्रह किया। शर्मा ने बांग्लादेशियों की घुसपैठ बढ़ने के मामलों पर भी चिंता जताई और सचेत किया कि अगर इस पर अंकुश नहीं लगाया गया तो यह समस्या राज्य की महिलाओं के लिए गंभीर खतरा बन जाएगी।
झारखंड में भाजपा के चुनाव सह-प्रभारी शर्मा ने रांची में एक रैली के दौरान कहा कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति के लिए हिंदुओं को बांटना चाहती है। एक रहोगे तो सुरक्षित रहोगे। उन्होंने आगाह किया कि यदि भाजपा सत्ता में नहीं आई तो घुसपैठिए घरों पर हमला करेंगे और पत्नियों, बहुओं और बेटियों के लिए गंभीर खतरा पैदा करेंगे।
मैं सोनिया गांधी से आग्रह करता हूं कि वे राहुल को प्रशिक्षित करें: हिमंत
हिमंत ने राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए उन्हें “बिना दिशा वाली मिसाइल” बताया तथा पूर्व एआईसीसी प्रमुख सोनिया गांधी से उन्हें प्रशिक्षित करने का आग्रह किया। शर्मा ने कहा, मैं सोनिया गांधी से आग्रह करता हूं कि वे राहुल गांधी को प्रशिक्षित करें, क्योंकि एक अनियंत्रित मिसाइल बिना दिशा वाली हो जाती है। उन्होंने उन पर आदिवासियों, दलितों और ओबीसी को विभाजित करने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने दावा किया कि मणिपुर में आदिवासी आबादी बढ़ रही है, जबकि झारखंड में बड़े पैमाने पर घुसपैठ के कारण यह घट रही है। उन्होंने कहा, झारखंड में आदिवासियों की स्थिति मणिपुर से भी बदतर है…राहुल गांधी ने कभी भी भोगनाडीह और गैबथान जैसे घुसपैठ प्रभावित इलाकों का दौरा नहीं किया है। शर्मा ने कहा, राहुल गांधी को कोई गंभीरता से नहीं लेता है।