alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

Raj Kapoor’s 100th Birthday: पाकिस्तान में धूमधाम से मनाई गई शोमैन की जयंती, पुश्तैनी हवेली में जुटे प्रशंसक

थर्ड आई न्यूज

पेशावर I भारतीय सिनेमा के महान निर्माता-निर्देशक व अभिनेता राज कपूर की 100वीं जयंती कल शनिवार 14 दिसंबर को धूमधाम से मनाई गई। कपूर परिवार ने इस मौके पर खास आयोजन रखा। भारतीय सिने हस्तियों और प्रशंसकों ने भी शोमैन को अपने-अपने तरीके से याद किया। वहीं, पीएम नरेंद्र मोदी ने भी राज कपूर को श्रद्धांजलि अर्पित की। राज कपूर की 100वीं जयंती सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में भी खास तरह से मनाई गई। पेशावर स्थित कपूर हवेली पर प्रशंसकों ने केक काटा।

कपूर हवेली पर कटा केक :
राज कपूर का जन्म 14 दिसंबर, 1924 को पाकिस्तान के पेशावर में हुआ था। लिहाजा, उनकी जयंती पर वहां भी लोगों ने शोमैन को याद किया। एक्स पर मोहम्मद फहीम नाम के एक्स हैंडल से एक पोस्ट साझा किया गया है। इसमें एक वीडियो है, जिसमें कपूर हवेली पर राज कपूर की 100वीं जयंती के अवसर पर केक काटा जा रहा है। इसके साथ लिखा है, ‘जन्मदिन मुबारक हो राज कपूर! आज उनकी 100वीं जयंती पेशावर स्थित उनके जन्मस्थल कपूर हवेली में मनाई गई’।

विश्व बैंक की योजना का किया स्वागत :
भारतीय सिनेमा की सबसे प्रभावी शख्सीयत में शुमार रहे राज कपूर के जन्मदिन के अवसर पर पेशावर स्थित कपूर हाउस पर प्रशंसकों का जमावड़ा लगा। लोगों ने केक काटकर खुशी मनाई। इस आयोजन में प्रतिभागियों ने राज कपूर और दिलीप कुमार के पुश्तैनी घरों के जीर्णोद्धार के लिए 100-100 मिलियन रुपए आवंटित करने की विश्व बैंक की घोषणा का भी स्वागत किया। दोनों घर किस्सा ख्वानी बाजार के पास स्थित हैं।

शोमैन ने बनाईं कालजयी फिल्में :
पाक-ईरान व्यापार एवं निवेश परिषद के सचिव मुहम्मद हुसैन हैदरी इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राज कपूर ने अपने करियर में आवारा, बरसात, श्री 420, संगम, मेरा नाम जोकर, राम तेरी गंगा मैली, सत्यम शिवम सुंदरम जैसी कालजयी फिल्में बनाईं। साल 1988 में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *