Delhi Election Result 2025: केजरीवाल, सिसोदिया और सौरभ भारद्वाज हारे, यह है दिल्ली की हॉट सीटों का हाल

Wथर्ड आई न्यूज

नई दिल्ली l राजधानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो गई है। चुनावी मैदान में 70 सीटों के लिए 699 उम्मीदवार हैं। पांच फरवरी को करीब 13 हजार से अधिक बूथों पर कुल 60.54 फीसदी मतदान हुआ था। मतगणना केंद्रों की निगरानी भी सीसीटीवी के अलावा पर्यवेक्षकों की निगरानी में हो रही है।

नई दिल्ली विधानसभा सीट :
आम आदमी पार्टी को यहां बड़ा झटका लगा है। नई दिल्ली सीट से पूर्व सीएम और आप प्रत्याशी अरविंद केजरीवाल हार गए हैं। भाजपा के प्रत्याशी प्रवेश वर्मा जीत गए हैं। कांग्रेस ने इस सीट से संदीप दीक्षित को चुनावी मैदान में उतारा था।

नई दिल्ली सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने कहा, “मैं सभी दिल्ली वासियों को बधाई देता हूं, उनका धन्यवाद करता हूं। दिल्ली में बनने वाली यह सरकार प्रधानमंत्री के विजन को दिल्ली में लेकर आएगी। मैं इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को देता हूं। मैं दिल्ली की जनता का धन्यवाद करता हूं। यह जीत प्रधानमंत्री मोदी और दिल्ली की जनता की जीत है।”

बता दें कि लगातार तीन बार इस सीट का प्रतिनिधित्व करने वाली दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को 2013 विधानसभा चुनाव में शिकस्त देकर अरविंद केजरीवाल दिल्ली की सत्ता पर काबिज हुए थे। उन्होंने लगातार तीन बार इस विधानसभा का प्रतिनिधित्व किया।

कालकाजी विधानसभा सीट :
कालकाजी सीट से आप प्रत्याशी आतिशी चुनाव जीत गई हैं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी को हराया है। बता दें कि कालकाजी सीट सबसे चर्चित सीटों में शामिल है। इस बार आम आदमी पार्टी ने कालकाजी सीट से मुख्यमंत्री आतिशी को टिकट दिया। वहीं कांग्रेस ने पूर्व विधायक अलका लांबा को उतारा। इन चेहरों के कारण कालकाजी सीट एक बार फिर हॉट सीट बन गई है। वहीं भाजपा ने यहां से रमेश बिधूड़ी को टिकट दिया। कालका सीट से उम्मीदवार बनाए गए बिधूड़ी अपने बयानों की वजह से विवादों में रहते हैं।

जंगपुरा विधानसभा सीट :
जंगपुरा सीट से आप प्रत्याशी मनीष सिसोदिया हार गए हैं। भाजपा के प्रत्याशी तरविंदर सिंह मारवाह ने यहां जीत दर्ज की है। हार के बाद आम आदमी पार्टी नेता और जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार मनीष सिसोदिया ने कहा, “जंगपुरा के लोगों ने बहुत प्यार दिया लेकिन लगभग 600 वोट से हम पीछे रह गए। जो उम्मीदवार जीते हैं, हम उन्हें बधाई देते हैं। हम उम्मीद करते हैं कि जंगपुरा के लोगों की समस्याओं को वे हल करेंगे।”

करावल नगर विधानसभा सीट :
करावल नगर सीट पर 17 राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है। यहां से भाजपा के कपिल मिश्रा आगे चल रहे हैं। आम आदमी पार्टी के मनोज त्यागी पीछे चल रहे हैं। कपिल मिश्रा को 90948 और मनोज त्यागी को 46101 वोट मिले हैं।

पटपड़गंज विधानसभा सीट :
पटपड़गंज सीट पर भाजपा के अवध ओझा हार गए हैं। भाजपा के रवींद्र सिंह नेगी ने यहां जीत दर्ज की है। हारने के बाद पटपड़गंज विधानसभा सीट से आप उम्मीदवार अवध ओझा ने कहा, “मैं जनता का शुक्रिया अदा करता हूं। मैं दूसरे स्थान पर आया, अगली बार खुद को शीर्ष पर लाने की कोशिश करूंगा। चूक यह हुई कि मैं सभी से मिल नहीं पाया, शायद मुझे इसके लिए अच्छा समय नहीं मिला लेकिन फिर भी मैं इस हार की व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेता हूं।”

पटपड़गंज विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रविंदर सिंह नेगी ने कहा, “मेरे लिए यह सौभाग्य की बात है कि हमने दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ा। यह उनका आशीर्वाद था, जिस तरह से उन्होंने आम आदमी पार्टी को आपदा कहा, उन्होंने कहा आपदा हटाओ, दिल्ली बचाओ। लोगों ने इसे स्वीकार भी किया। शीर्ष नेतृत्व के नेतृत्व में हमें जीत मिली है, मैं सभी का आभार व्यक्त करता हूं।”

बल्लीमारान विधानसभा सीट :
दिल्ली सरकार में मौजूदा कैबिनेट मंत्री इमरान हुसैन बल्लीमारान सीट से जीत दर्ज की हैं। भाजपा के प्रत्याशी कमल बागड़ी को उन्होंने हराया हैं। इमरान हुसैनके सरकार के मंत्री होने के चलते यह सीट भी हॉट सीट बनी हुई है। कांग्रेस की तरफ से हारून यूसुफ चुनावी मैदान में है। हारून यूसुफ भी दिल्ली सरकार में पहले मंत्री रह चुके हैं। इसलिए इस सीट के रिजल्ट पर हर किसी की नजर है।

बाबरपुर विधानसभा सीट :
बाबरपुर विधानसभा सीट के रुझानों में आप के प्रत्याशी गोपाल राय आगे चल रहे हैं। भाजपा का अनिल वशिष्ठ पीछे चल रहे हैं। गोपाल राय पिछले 10 साल से केजरीवाल की सरकार में कैबिनेट मंत्री भी हैं। जिसके चलते यह सीट काफी चर्चा में है। इसलिए चुनाव परिणाम को लेकर भी लोगों में उत्सुकता है।

ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट :
आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सौरभ भारद्वाज हार गए हैं। भाजपा की शिखा राय ने उन्हें हराया है।

शकूर बस्ती विधानसभा सीट :
रुझानों में भाजपा के प्रत्याशी करनैल सिंह अब आगे हो गए हैं। आम आदमी पार्टी के सत्येंद्र जैन पीछे चल रहे हैं।

ओखला विधानसभा सीट :
रुझानों में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी अमानतुल्लाह खान आगे चल रहे हैं। भाजपा के मनीष चौधरी अब पीछे हो गए हैं।

बिजवासन विधानसभा सीट :
रुझानों में बिजवासन विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी कैलाश गहलोत लगातार आगे चल रहे हैं। यहां भाजपा करीब 9000 वोटों से आगे चल रही है। आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सुरेंद्र भारद्वाज पीछे हैं।

रोहिणी विधानसभा सीट :
इस सीट पर अब भाजपा प्रत्याशी विजेंद्र गुप्ता आगे चल रहे हैं। आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी प्रदीप मित्तल पीछे हो गए हैं।

वजीरपुर विधानसभा सीट :
इस सीट पर अब भाजपा प्रत्याशी पूनम शर्मा आगे चल रही हैं। भाजपा 494 वोट से आगे है। आम आदमी पार्टी प्रत्याशी राजेश गुप्ता पीछे हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *