बेलतला के व्यापारियों ने पहलगाम आतंकी हमले के शहीदों को दी श्रद्धांजलि, पाकिस्तान के विरुद्ध उठी कड़ी कार्रवाई की मांग
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी।कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए जघन्य आतंकी हमले ने देशभर को स्तब्ध कर दिया है। इस अमानवीय कृत्य को लेकर समूचे देश की तरह गुवाहाटी में भी लोगों के बीच गहरा आक्रोश व्याप्त है। नागरिक समाज से लेकर विभिन्न सामाजिक व व्यावसायिक संगठन अपने-अपने ढंग से शोक प्रकट कर रहे हैं और पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के विरुद्ध कठोरतम कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार को महानगर के बेलतला क्षेत्र के देवड़ा बिल्डिंग व्यापार मंडल द्वारा एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर मोमबत्तियां जलाकर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। कार्यक्रम में पवन कुमार पारीक, सुजीत दास, मनोज कुमार अग्रवाल, रविंद्र, सुरेश शर्मा सहित कई अन्य लोग मौजूद थे ।
इस अवसर पर कोयला व्यापारी सुरेश शर्मा ने कहा, “अब समय आ गया है कि पाकिस्तान को उसकी हरकतों का माकूल जवाब दिया जाए। जब तक उसके आतंकी इरादों पर स्थायी विराम नहीं लगाया जाएगा, तब तक वह ऐसे कायराना कृत्य करता रहेगा।” उन्होंने धर्म पूछकर निर्दोष लोगों की हत्या को “मानवता के विरुद्ध युद्ध” बताया और इसे “अमानवीयता की पराकाष्ठा” करार दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी समुदाय के लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में आतंकवाद के खिलाफ कठोर नीति अपनाने और राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोपरि रखने की अपील की।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">