कामाख्या कॉरिडोर परियोजना पर काम शुरू, मंदिर परिसर के पास अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी, 16 जुलाई। मां कामाख्या कॉरिडोर परियोजना पर गुरुवार से औपचारिक रूप से काम शुरू हो गया। परियोजना के तहत निर्माण कार्य के लिए आवश्यक भूमि को खाली कराने की प्रक्रिया भी प्रशासन ने आरंभ कर दी है।

इसी क्रम में कामाख्या मंदिर के आसपास अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पूजा सामग्री बेचने वाली कई दुकानों सहित अन्य अस्थायी दुकानों को हटाया गया, ताकि कॉरिडोर निर्माण के लिए निर्धारित क्षेत्र को खाली कराया जा सके।

राज्य सरकार का कहना है कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य मां कामाख्या धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए बेहतर आवागमन, आधुनिक सुविधाएं और सुव्यवस्थित आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराना है। परियोजना के पूरा होने के बाद मंदिर तक पहुंच अधिक सुगम होगी तथा श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

मां कामाख्या एक्सेस कॉरिडोर परियोजना को इस वर्ष फरवरी में गौहाटी उच्च न्यायालय से मंजूरी मिलने के बाद कानूनी बाधाएं समाप्त हो गई थीं। इसके बाद राज्य सरकार ने हितधारकों के साथ कई दौर की बातचीत कर परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया तेज की।

करीब 498 करोड़ रुपये की इस परियोजना का उद्देश्य नीलाचल पहाड़ी पर स्थित विश्वप्रसिद्ध शक्तिपीठ मां कामाख्या मंदिर के आसपास आधुनिक और व्यवस्थित तीर्थ परिसर विकसित करना है। इसके अंतर्गत श्रद्धालुओं के लिए बेहतर पैदल मार्ग, सार्वजनिक सुविधाएं, यातायात प्रबंधन, सौंदर्यीकरण तथा अन्य आधारभूत ढांचे का विकास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *