मोदी सरकार का बड़ा एक्शन: पाकिस्तान से भारत आने वाले सभी सामानों पर रोक, जहाजों को बंदरगाहों पर नहीं मिलेगी एंट्री

थर्ड आई न्यूज
नई दिल्ली I पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की ‘मोदी सरकार’ एक्शन में है। सरकार पाकिस्तान के खिलाफ कड़े फैसले ले रही है। मोदी सरकार ने शनिवार (3 मई) को पाकिस्तान को तगड़ा झटका दिया। सरकार ने देश की सुरक्षा और जनता के हित में बड़ा कदम उठाया है। भारत वाणिज्य मंत्रालय ने पाकिस्तान से आने वाले सभी सामानों के आयात (इंपोर्ट) पर रोक लगा दी है। अब पाकिस्तान से सीधे या किसी और रास्ते से कोई भी चीज भारत में नहीं लाई जा सकेगी। सरकार ने नोटिफिकेशन जारी कर कहा-अगर किसी को रोक से छूट चाहिए तो भारत सरकार से इजाजत लेनी होगी।
जहाजों को बंदरगाहों पर एंट्री नहीं :
मोदी सरकार ने एक और बड़ा फैसला लिया है। भारत सरकार ने समुद्री सुरक्षा को देखते हुए एक सख्त आदेश जारी किया है। अब पाकिस्तान के झंडे वाले कोई भी जहाज भारत के किसी बंदरगाह पर नहीं आ सकेंगे। इसी तरह, भारत के जहाज भी पाकिस्तान के बंदरगाहों पर नहीं जाएंगे। मर्चेंट शिपिंग एक्ट, 1958 के तहत लिया गया फैसला तुरंत लागू हो गया है। अगर किसी खास मामले में छूट देनी हो, तो उस पर अलग से विचार किया जाएगा।
सिंधु जल रोका तो करेंगे हमला :
‘मोदी सरकार’ के एक्शन से PAK में खलबली मची है। पाकिस्तानी नेता बयानबाजी कर रहे हैं। PAK के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत को सिंधु जल संधि के उल्लंघन पर कड़ी चेतावनी दी है। ख्वाजा आसिफ ने टीवी इंटरव्यू में कहा-अगर भारत ने सिंधु नदी पर कोई बांध बनाया तो पाकिस्तान उस पर हमला कर देगा। आसिफ ने कहा-आक्रामकता सिर्फ गोलियों से नहीं होती, पानी रोकना भी हमला है।
एक के बाद एक कड़े फैसले ले रहे पीएम मोदी :
जम्मू-कश्मीर में पहलगाम के बैसरन घाटी में 22 अप्रैल को आतंकी हमला हुआ। आतंकियों ने 26 पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। हमले के बाद से भारत सरकार एक्शन में है। PM नरेंद्र मोदी एक के बाद एक कड़े फैसले ले रहे हैं। भारत ने 1960 की सिंधु जल संधि को निलंबित किया। अटारी वाघा बॉर्डर चेकपोस्ट बंद किया। सभी पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द किए। पाकिस्तानी उच्चायोग को बंद करने का आदेश।
भारत से 800 पाकिस्तानी नागरिक वापस गए :
आतंकियों के घर ध्वस्त किए गए। 800 पाकिस्तानी नागरिक भारत से वापस गए। भारत ने 16 पाकिस्तानी YouTube चैनलों और कई X हैंडल्स व साइट्स को बैन किया। भारत ने 23 मई 2025 तक सभी पाकिस्तानी विमानों के लिए हवाई क्षेत्र बंद किए। भारत ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) से पाकिस्तान दिए जाने वाले लोन की समीक्षा करने को कहा।
पाक PM सहित कई दिग्गजों के अकाउंट भी बंद :
भारत सरकार ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का ऑफिशियल यूट्यूब चैनल और इंस्टाग्राम अकाउंट भी ब्लॉक कर दिया। PAK के सूचना और प्रसारण मंत्री अताउल्लाह तरार सहित कई क्रिकेटर, अभिनेताओं के यूट्यूब चैनल और सोशल मीडिया अकाउंट्स भारत में ब्लॉक किए गए हैं। अब मोदी सरकार ने पाकिस्तान से भारत आने वाले सभी सामानों पर रोक लगाई है। पाकिस्तान से डायरेक्ट और इनडायरेक्ट इंपोर्ट पर रोक लगाई गई।भारत की कार्रवाई से PAK में बड़ी खलबली मची है।