हिमंत विश्व में का राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना, बोले- घुसपैठियों के सबसे बड़े संरक्षक हैं गांधी परिवार
थर्ड आई न्यूज
असम के मुख्यमंत्री ने देशभर में एनआरसी लागू करने की मांग उठाई, भारत की सुरक्षा व्यवस्था पर जताया भरोसा
न्यू दिल्ली I असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि यदि कांग्रेस को निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता और संस्था की कार्यप्रणाली पर संदेह होता, तो पार्टी चुनावों में हिस्सा लेना जारी नहीं रखती।
उन्होंने गांधी परिवार पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस का नेतृत्व महात्मा गांधी के विचारों और कार्यशैली से अलग रास्ते पर चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर लगाए गए आरोपों पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भी आलोचना की। उन्होंने राहुल गांधी पर बांग्लादेश के प्रभाव में होने का आरोप लगाते हुए उन्हें असम आने की चुनौती दी।
शर्मा ने कहा, “राहुल गांधी बांग्लादेश से प्रभावित हैं। उन्हें असम आना चाहिए। मैं उन्हें असम-बंगाल सीमा के रास्ते बांग्लादेश भेज दूंगा, जहां वे अपना विरोध प्रदर्शन जारी रख सकते हैं।”
कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी देशभर में व्यापक जनादेश हासिल करने के बजाय कुछ चुनिंदा सीटों पर जीत को लेकर अधिक ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने कहा कि जब चुनाव सैकड़ों सीटों पर होते हैं, तब एक-दो सीटें जीतना पर्याप्त नहीं है। असम का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस भले ही एक सीट जीत जाए, लेकिन बाकी सीटों पर भाजपा को सफलता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने अवैध घुसपैठ का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने देशभर में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) लागू करने की मांग की।
शर्मा ने कहा, “घुसपैठियों के सबसे बड़े संरक्षक गांधी परिवार के लोग हैं। गांधी परिवार को बांग्लादेश भेज दीजिए, घुसपैठिए भी उनके पीछे-पीछे चले जाएंगे। प्रत्येक असमिया और बंगाली एनआरसी का समर्थन करता है। जब तक एनआरसी लागू नहीं होगी, घुसपैठियों की समस्या बनी रहेगी।”
राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सुरक्षित है। उन्होंने भारतीय थल सेना, वायु सेना और नौसेना की क्षमता पर भरोसा जताया।
वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध का उल्लेख करते हुए शर्मा ने जवाहरलाल नेहरू के कार्यकाल में चीनी सैनिकों के असम तक पहुंचने की घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय उनके पिता ने असम में चीनी सेना के जवानों को देखा था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब देश की सुरक्षा स्थिति बदल चुकी है और उन्हें पूरा विश्वास है कि भारत अपनी सीमाओं की रक्षा करने में सक्षम है।
मीडिया से बातचीत के अंत में शर्मा ने हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए भी संदेश दिया। उन्होंने राज्य में भाजपा की सत्ता में वापसी का भरोसा जताते हुए कहा, “हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए मेरा सिर्फ एक संदेश है। मैं उस समय वापस आऊंगा, जब राज्य में भाजपा का मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण करेगा।”

