Assam: ‘विधानसभा चुनाव में 100 सीट पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस, AIUDF से नहीं करेंगे गठबंधन’, गौरव गोगोई का बयान
थर्ड आई न्यूज
तेजपुर I असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी अगले साल होने वाले असम विधानसभा चुनाव में 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। बाकी सीटें गठबंधन सहयोगियों के लिए छोड़ी जाएंगी। राज्य विधानसभा में कुल 126 सीट हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस एआईयूडीएफ के साथ कोई समझौता नहीं करेगी। गोगोई ने उसे ‘सांप्रदायिक’ पार्टी बताया। कांग्रेस के 141वें स्थापना दिवस पर एक बैठक को संबोधित करते हुए गोगोई ने कहा कि ‘जनविरोधी भाजपा’ को हराने के लिए कांग्रेस 2026 के असम विधानसभा चुनाव में समान विचारधारा वाले दलों के साथ गठबंधन बनाकर चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि किसी भी हालत में एआईयूडीएफ जैसी सांप्रदायिक पार्टी को इस गठबंधन में शामिल नहीं किया जाएगा। गोगोई ने कहा कि कांग्रेस राज्य की 126 सीटों में से 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और बाकी विधानसभा क्षेत्रों को आपसी बातचीत से गठबंधन सहयोगियों के लिए छोड़ा जाएगा।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के नेतृत्व में असम के लोगों से छीनी गई गरिमा को वापस दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शांति और एकता में भरोसा रखती है, जबकि भाजपा अशांति और विभाजन की राजनीति करती है। कांग्रेस संविधान में भरोसा रखती है, जबकि भाजपा लोकतंत्र को खत्म कर तानाशाही व्यवस्था स्थापित करना चाहती है।
लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गोगोई ने आरोप लगाया कि भाजपा योजनाबद्ध तरीके से लोगों के अधिकार छीन रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के कार्यकाल में गरीबों को लाभ मिला था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगर कांग्रेस सत्ता में लौटती है तो लोगों को वास्तविक और सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा। गोगोई ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो धर्म के नाम पर नफरत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए अलग कानून बनाया जाएगा।

