नगांव में पत्रकारों से संवाद: विधायक रूपक शर्मा ने गिनाए पाँच वर्षों के विकास कार्य
थर्ड आई न्यूज
नगांव से जयप्रकाश सिंह
नगांव शहर के एक होटल में विधायक रूपक शर्मा की ओर से पत्रकारों के लिए आयोजित ‘भोगालीर एखाज’ कार्यक्रम से पूर्व एक संवाद सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने पिछले पाँच वर्षों में नगांव–बटद्रवा विधानसभा क्षेत्र में सांस्कृतिक एवं विकासात्मक क्षेत्रों में किए गए प्रमुख कार्यों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर विधायक शर्मा ने बताया कि शीघ्र ही नगांव शहर के खगेन महंत प्रेक्षागृह में एक सार्वजनिक सभा आयोजित कर वे क्षेत्र में हुए समस्त विकास कार्यों का विस्तृत लेखा-जोखा जनता के समक्ष रखेंगे।
उन्होंने जानकारी दी कि असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के 57वें जन्मदिन के अवसर पर आज से 9 फरवरी तक पंद्रहवें वित्त आयोग के अंतर्गत ‘उन्नयन की यात्रा’ कार्यक्रम के तहत नगांव नगरपालिका की पहल पर कुल 17 करोड़ 39 लाख 540 रुपये की लागत से नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाला-नालियां, शौचालय सहित 135 विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त विधायक शर्मा ने बताया कि असम सरकार के लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत पुनर्निर्मित छह सड़कों का उद्घाटन भी आज किया गया है। साथ ही नगांव शहर के नव-नामित रूपकुंवर चौक पर स्थापित रूपकुंवर ज्योतिप्रसाद अग्रवाल की पूर्णकद प्रतिमा का शीघ्र ही अनावरण किया जाएगा, जिसके लिए मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया जाएगा।
विधायक ने आगे कहा कि निर्माण कार्य लगभग पूर्ण होने की स्थिति में भूपेन हाज़रिका कलातीर्थ (पानीगांव छआली), मोरिकलांग का श्रद्धांजलि उद्यान, गर्ल्स कॉलेज के सामने जुबिन गर्ग स्मृति उद्यान सहित नगांव शहर के सौंदर्यीकरण से जुड़ी कई योजनाएं फरवरी माह के भीतर आम जनता के लिए खोल दी जाएंगी।
इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में नगांव को एक स्वच्छ शहर के रूप में उदाहरण स्वरूप प्रस्तुत किए जाने पर विधायक शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए नगांव पौरसभा के सफाई कर्मचारियों की सराहना करते हुए उनकी निष्ठापूर्ण सेवा को श्रेय दिया।
विधायक शर्मा ने कहा कि विकास कार्यों के क्रियान्वयन में जनता का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है और वे भविष्य में भी समय का सदुपयोग करते हुए जनता के हित में कार्य करते रहेंगे।
‘भोगालीर एखाज’ कार्यक्रम में नगांव नगरपालिका के पौरपति अंबिका मजूमदार, उपाध्यक्ष सीमांत बोरा सहित नगांव सदर एवं आसपास के क्षेत्रों से लगभग सौ पत्रकारों ने भाग लिया।

