महाशिवरात्रि पर आठगांव गौशाला शिव मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, महारुद्राभिषेक के साथ भव्य महोत्सव संपन्न
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 15 फरवरी। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर महानगर के विभिन्न शिव मंदिरों के साथ-साथ आठगांव स्थित श्री गौहाटी गौशाला परिसर के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गौशाला प्रबंधन समिति के सहयोग से प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी असम बैद्यनाथ युवा कांवड़ संघ द्वारा महाशिवरात्रि महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया।
महोत्सव के अंतर्गत विशेष रूप से महारुद्राभिषेक का आयोजन किया गया, जिसमें संस्था के सदस्यों ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। पांच विद्वान पंडितों के मंत्रोच्चारण के बीच भगवान शिव का महारुद्राभिषेक सम्पन्न हुआ, जिसके पश्चात भव्य महाआरती की गई। संस्था की ओर से बाबा भोलेनाथ को प्रसाद अर्पित कर भक्तों के बीच वितरित किया गया।
गौशाला परिसर में स्थित दोनों प्राचीन शिव मंदिर अपनी ऐतिहासिकता और आध्यात्मिक महत्व के कारण श्रद्धालुओं की विशेष आस्था के केंद्र बने हुए हैं। भक्तों में इन मंदिरों को लेकर गहरी श्रद्धा देखने को मिली। महाशिवरात्रि के अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर में आगमन शुरू हो गया, जो देर रात तक निरंतर जारी रहा।
इस दौरान भक्तों ने बेलपत्र, दुर्वा, दही, घी, शहद, चीनी तथा फल-फूल अर्पित कर भगवान शिव का अभिषेक और आरती की। पूरे मंदिर परिसर को फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।
उल्लेखनीय है कि लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व गौशाला परिसर में स्थित दोनों शिव मंदिरों का जीर्णोद्धार कर उन्हें संगमरमर से निर्मित भव्य स्वरूप प्रदान किया गया था। महाशिवरात्रि महोत्सव में असम बैद्यनाथ युवा कांवड़ संघ तथा गौशाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आयोजन को सफल बनाया।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">