नगांव में चुनावी माहौल गरमाया, डॉ. दुर्लभ चमुवा का दावा—गौरव गोगोई के नेतृत्व में बनेगी कांग्रेस सरकार

थर्ड आई न्यूज

नगांव से जयप्रकाश सिंह

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर नगांव–बटद्रवा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवार डॉ. दुर्लभ चमुवा ने क्षेत्र में लगातार जनसभाएं और जनसंपर्क अभियान चलाकर मौजूदा सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है।

डॉ. चमुवा ने रत्नपुर, गटंगा, बद्दटुप, मिलनपुर सहित कई इलाकों में चुनावी सभाएं कर मतदाताओं से समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि असम में नफरत की राजनीति को समाप्त कर प्रेम और भाईचारे पर आधारित सरकार बनाने का समय आ गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि गौरव गोगोई के नेतृत्व में इस बार कांग्रेस सरकार बनाएगी।

कांग्रेस कार्यालय तोड़े जाने के मुद्दे पर सवाल उठाते हुए डॉ. चमुवा ने कहा कि दिनदहाड़े कार्यालय को तोड़ दिया गया और वहां अब बास्केटबॉल कोर्ट बना दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके पीछे राजनीतिक साजिश हो सकती है, जिसे जनता भली-भांति समझ रही है।

विकास के दावों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में सड़क और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति बेहद खराब है, जहां लोगों के लिए आवाजाही भी मुश्किल है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब भ्रष्टाचार और जात-पात की राजनीति से ऊब चुकी है और बदलाव चाहती है।

इस बीच, उनके समर्थन में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी चुनाव प्रचार किया। मध्य शियालमारी में आयोजित सभा में बघेल ने भाजपा और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में प्रति व्यक्ति आय घटी है, जबकि नेताओं की संपत्ति बढ़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में “सिंडिकेट राज” चल रहा है।

बघेल ने यह भी कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर विभिन्न मुद्दों की जांच कराई जाएगी और जनता के हित में योजनाएं लागू की जाएंगी। उन्होंने कांग्रेस की ‘पांच गारंटी’ का उल्लेख करते हुए महिलाओं, युवाओं और समाज के सभी वर्गों के कल्याण का भरोसा दिलाया।

वहीं दूसरी ओर भाजपा उम्मीदवार रूपक शर्मा भी क्षेत्र में तेज गति से प्रचार अभियान चलाकर चुनावी मुकाबले को रोचक बना रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *