जोरहाट में हिमंत बिस्वा शर्मा का भव्य रोड शो, “मामा-मामा” के नारों से गूंजा शहर
थर्ड आई न्यूज़
जोरहाट से नीरज खंडेलवाल
असम विधानसभा चुनाव के बीच जोरहाट में मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने एक विशाल रोड शो के माध्यम से शक्ति प्रदर्शन किया। भाजपा उम्मीदवार हितेंद्र नाथ गोस्वामी के समर्थन में निकाले गए इस रोड शो में हजारों की संख्या में समर्थक जुटे, जिससे पूरा शहर चुनावी रंग में रंग गया।
रोड शो की शुरुआत दास एंड कंपनी चौक से हुई, जहां से मुख्यमंत्री का काफिला भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आगे बढ़ा। जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए बरुआ चराली तक पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। पूरे मार्ग में मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया—कहीं फूलों की वर्षा हुई, तो कहीं पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की धुनों पर कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया।
मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए लोग पहले से ही सड़कों के किनारे एकत्रित हो गए थे। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की बड़ी उपस्थिति ने आयोजन को जनसमर्थन का व्यापक स्वरूप दिया। पूरे रोड शो के दौरान “मामा-मामा” के नारों से शहर गूंजता रहा, जिससे कार्यकर्ताओं का उत्साह साफ झलकता रहा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों का अभिवादन करते हुए भाजपा प्रत्याशी हितेंद्र नाथ गोस्वामी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास की जो गति बनी हुई है, उसे आगे बढ़ाने के लिए भाजपा को पुनः बहुमत देना आवश्यक है। उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि असम तेज़ी से प्रगति के मार्ग पर अग्रसर है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस स्तर की भीड़ भाजपा के लिए उत्साहजनक संकेत है। रोड शो के बाद जोरहाट विधानसभा क्षेत्र में चुनावी माहौल और अधिक गर्म हो गया है, जिससे आगामी मुकाबले के और भी दिलचस्प होने के संकेत मिल रहे हैं।

