मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा ने मारवाड़ी अस्पताल को ₹2 लाख का सहयोग, थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए सराहनीय पहल
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी, 4 अप्रैल: समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा ने मानव सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मारवाड़ी अस्पताल को ₹2 लाख का चेक सहयोग स्वरूप प्रदान किया। यह राशि विशेष रूप से थैलेसीमिया से पीड़ित आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की सहायता के लिए दी गई है।
शाखा के अध्यक्ष शंकर बिडला ने यह चेक अस्पताल के महासचिव किशोर साबू को सौंपा। इस अवसर पर किशोर साबू ने संस्था और भुवालका परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से जरूरतमंद बच्चों को पूरे वर्ष नि:शुल्क रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान शंकर बिडला का फुलाम गमछा पहनाकर सम्मान भी किया गया। शाखा के उपाध्यक्ष प्रदीप भुवालका ने कहा कि मानव सेवा सर्वोपरि है और थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए नियमित रक्त की व्यवस्था करना कई परिवारों के लिए चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में यह पहल उनके लिए बड़ी राहत साबित होगी।
इस अवसर पर मारवाड़ी अस्पताल की ओर से अधीक्षक रोहित उपाध्याय, महाप्रबंधक कमला सिंह और वर्किंग कमेटी सदस्य संजय संथोलिया उपस्थित रहे। वहीं मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा की ओर से सचिव सूरज सिंघानिया, कोषाध्यक्ष नरेंद्र सोनी, जनसंपर्क अधिकारी विवेक सांगानेरिया सहित कई सदस्य मौजूद थे।

