असम विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन की पहल, राजनीतिक दलों से समाज को प्रतिनिधित्व देने का आग्रह
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 16 फरवरी 2025।
असम विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनज़र पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन ने राज्य की प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के प्रदेश नेतृत्व को औपचारिक पत्र प्रेषित कर महत्वपूर्ण पहल की है। सम्मेलन के महामंत्री रमेश कुमार चांडक ने जानकारी देते हुए बताया कि इन पत्रों के माध्यम से मारवाड़ी समाज को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने का आग्रह किया गया है।
सम्मेलन ने अपने पत्र में असम की सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक उन्नति में मारवाड़ी समाज के ऐतिहासिक तथा निरंतर योगदान को रेखांकित करते हुए कहा है कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में समाज की उल्लेखनीय उपस्थिति है, वहाँ योग्य, ईमानदार और जनसेवा के प्रति समर्पित समाजबंधुओं को प्रत्याशी के रूप में अवसर प्रदान किया जाना चाहिए।
सम्मेलन का मत है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी वर्गों का संतुलित और समुचित प्रतिनिधित्व आवश्यक है। मारवाड़ी समाज व्यापार और उद्योग के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा, आपदा राहत तथा राष्ट्र निर्माण के अनेक क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। ऐसे में समाज को राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्रदान किया जाना सामाजिक संतुलन और व्यापक जनसमर्थन की दृष्टि से सकारात्मक कदम होगा।
सम्मेलन के अध्यक्ष कैलाश काबरा ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य की सभी प्रमुख राजनीतिक पार्टियाँ सामाजिक समावेशन और व्यापक प्रतिनिधित्व की भावना को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लेंगी।
सम्मेलन ने स्पष्ट किया है कि यह पहल पूर्णतः लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और प्रदेश के सर्वांगीण विकास की भावना से प्रेरित है।
यह प्रेस विज्ञप्ति पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन के महामंत्री रमेश कुमार चांडक द्वारा सर्वसाधारण की जानकारी हेतु जारी की गई है।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">