असम फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में ‘रुद्र’ का जलवा, कई प्रमुख श्रेणियों में हासिल किए पुरस्कार
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी। असम फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में इस वर्ष असमिया फिल्म ‘रुद्र’ ने शानदार सफलता हासिल करते हुए कई प्रमुख श्रेणियों में पुरस्कार अपने नाम किए। गुवाहाटी में आयोजित भव्य समारोह में फिल्म से जुड़े कलाकारों और तकनीकी टीम को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
फिल्म ‘रुद्र’ को सर्वश्रेष्ठ म्यूजिक एल्बम का पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अलावा फिल्म के लिए मानस गांगुली को सर्वश्रेष्ठ सिनेमैटोग्राफी, एमडीवाई कलाम को सर्वश्रेष्ठ संपादन और लीजा दृष्टि को सर्वश्रेष्ठ गीतकार के पुरस्कार से नवाजा गया।
अभिनय के क्षेत्र में भी फिल्म ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। रवि शर्मा को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, जबकि जय कश्यप को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार मिला। गायन के क्षेत्र में जुबीन गर्ग को सर्वश्रेष्ठ पुरुष गायक तथा बासवती भारती को सर्वश्रेष्ठ महिला गायिका के सम्मान से अलंकृत किया गया।
‘रुद्र’ की इस बहुआयामी सफलता ने असमिया सिनेमा में उसकी मजबूत पहचान को और सुदृढ़ किया है। फिल्म की टीम ने इस उपलब्धि को दर्शकों के प्रेम और सहयोग का परिणाम बताया। समारोह के दौरान कलाकारों और तकनीकी दल के सदस्यों में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला।

