चुनावी हिंसा में भाजपा कार्यकर्ता की मौत, चराइदेउ में तनाव; पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
थर्ड आई न्यूज़
जोरहाट/चराइदेउ से नीरज खंडेलवाल
असम विधानसभा चुनाव के बीच चराइदेउ जिले में हुई एक हिंसक झड़प ने क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा कर दी है। घटना में एक भाजपा कार्यकर्ता की मौत हो गई। मृतक की पहचान खुदकोन बोरा के रूप में हुई है, जिन्हें कथित रूप से लाठी से गंभीर रूप से पीटा गया था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह झड़प जय भारत पार्टी के समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई। आरोप है कि तिलेश्वर मुकुंद के नेतृत्व में कुछ लोगों ने भाजपा कार्यकर्ता पर हमला किया, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर हो गई और बाद में उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तिलेश्वर मुर्मू सहित कई आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संदिग्धों की तलाश जारी है।
स्थानीय लोगों ने चुनावी माहौल में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों ने लोगों से संयम बरतने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।

